संजय लीला भंसाली की मेगा बजट फिल्म लव एंड वॉर एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह फिल्म की स्टारकास्ट नहीं बल्कि सेट पर हुआ एक दर्दनाक हादसा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई की फिल्मसिटी में चल रही शूटिंग के दौरान एक टेक्नीशियन की बिजली का झटका लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टेक्नीशियन चंद्रधारी यादव शूटिंग सेट पर काम कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक तेज करंट लग गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे सेट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यूनिट के सदस्य सदमे में आ गए। जानकारी के अनुसार, उस समय आलिया भट्ट भी सेट पर मौजूद थीं और अपने सीन की तैयारी कर रही थीं। अचानक हुए इस हादसे ने वहां मौजूद सभी लोगों को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में सेट्स पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हादसे के बाद संजय लीला भंसाली की प्रोडक्शन कंपनी ने मृतक टेक्नीशियन के परिवार को 40 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। चंद्रधारी यादव अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं, ऐसे में यह मदद परिवार के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए टेक्नीशियन्स की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। FWICE अध्यक्ष बी.एन. तिवारी ने मुआवजे की राशि 40 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये किए जाने की मांग भी रखी है।