एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कब किस बात को लेकर विवाद खड़ा हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। ऐसा ही कुछ टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस अनीता कंवल के साथ हुआ है। दरअसल, एक्ट्रेस ने अपनी आर्थिक स्थिति और काम मिलने को लेकर की गई टिप्पणियों को गलत तरीके से पेश किए जाने पर नाराजगी जाहिर की है। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह काफी भावुक नजर आ रही हैं। अनीता कंवल ने अपने वीडियो में बताया कि उनके बारे में दिखाई जा रही खबरों से उन्हें गहरी तकलीफ पहुंची है। उन्होंने कहा कि करीब छह महीने पहले एक मीडिया इंटरव्यू में उनसे पूछा गया था कि अगर उन्हें काम मिलना बंद हो जाए या कमाई नहीं हो, तो वह कितने समय तक अपने खर्च संभाल सकती हैं। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था कि वह लगभग एक से डेढ़ साल तक आर्थिक रूप से खुद को संभाल सकती हैं। हालांकि, उनके मुताबिक, इस बयान को ऐसे पेश किया गया, जैसे वह आर्थिक मदद मांग रही हों। अपनी बात रखते हुए अनीता ने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब अमिताभ बच्चन ने यश चोपड़ा से काम की कमी और आर्थिक परेशानियों के बारे में बात की थी, तब उनके बयान को इस तरह नहीं देखा गया था। ऐसे में एक महिला कलाकार के बयान पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं? अनीता ने साफ किया कि वह एक सम्मानित और संपन्न परिवार से आती हैं। कुछ निवेश में उनसे गलतियां हुई थीं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उनकी जिंदगीभर की कमाई खत्म हो गई है या वह दूसरों पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि उनमें आज भी काम करने और कमाने की पूरी क्षमता है और वह अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने की कोशिश कर रही हैं।