पाकिस्तानी टीवी इंडस्ट्री की मशहूर सीनियर एक्ट्रेस हुमैरा बानो इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। 54 साल की उम्र में एक्ट्रेस ने दूसरी शादी कर अपनी जिंदगी में नए अध्याय की शुरुआत की है। हुमैरा ने सोशल मीडिया पर अपने निकाह की तस्वीरें शेयर कर फैंस को यह खुशखबरी दी। तस्वीरों में हुमैरा अपने नए शौहर के साथ नजर आ रही हैं। हालांकि, उन्होंने अपने पति का चेहरा छिपाकर रखा है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर उनकी शादी की तस्वीरें वायरल होते ही फैंस के बीच उनके नए लाइफ पार्टनर की पहचान को लेकर उत्सुकता बढ़ गई। कई फैंस ने कमेंट कर उनके पति का चेहरा सामने लाने की मांग भी की। इस खास मौके पर हुमैरा का बेटा भी उनके साथ नजर आया और मां की नई जिंदगी का हिस्सा बना। अपनी शादी की तस्वीरों के साथ एक्ट्रेस ने एक भावुक नोट भी शेयर किया। उन्होंने लिखा कि इंसान अपनी जिंदगी के लिए भले ही कुछ और योजनाएं बनाए, लेकिन अल्लाह का फैसला अलग होता है और जब वह किसी चीज का फैसला करते हैं, तो मंजिल तक पहुंचने का रास्ता आसान होता चला जाता है। बता दें कि हुमैरा बानो की यह दूसरी शादी है। उनका पहले पति से तलाक हो चुका है और उस रिश्ते से उनका एक बेटा है। उन्होंने साल 2004 में एक्टिंग करियर शुरू किया था और कई पाकिस्तानी टीवी ड्रामा में काम किया है। खासतौर पर मां के किरदारों के लिए उन्हें पसंद किया जाता है। अब फैंस उन्हें नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनके पति का चेहरा देखने का इंतजार कर रहे हैं।