एंटरटेनमेंट की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। 26 साल की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और टिकटॉक स्टार सिडनी टोले का 5 अगस्त 2026 को निधन हो गया। उनकी मौत की खबर सामने आते ही फैंस और चाहने वाले सदमे में हैं। सिडनी के निधन की जानकारी उनके परिवार ने उनके इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए साझा की। परिवार ने एक तस्वीर पोस्ट करते हुए उन्हें प्यार भरी श्रद्धांजलि दी और बताया कि सिडनी एक प्यारी बेटी, बहन और कई लोगों की सच्ची दोस्त थीं। परिवार ने यह भी लिखा कि उन्हें सिडनी पर गर्व है कि उन्होंने आखिरी वक्त तक बहादुरी से लड़ाई लड़ी। बताया जा रहा है कि निधन से एक दिन पहले सिडनी के भाई ऑस्टिन ने जानकारी दी थी कि उन्हें हॉस्पिस केयर में ले जाया गया है और उनके परिवार व करीबी लोग आखिरी वक्त में उनके साथ मौजूद थे। सिडनी को साल 2023 में कोलांगियोकार्सिनोमा यानी बाइल डक्ट कैंसर का पता चला था। शुरुआत में पेट में महसूस हुई गांठ और जलन को हर्निया समझा गया था, लेकिन जांच के बाद कैंसर की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्होंने सर्जरी, कीमोथेरेपी और इम्यूनोथेरेपी समेत कई उपचार करवाए और अपने इलाज का सफर सोशल मीडिया पर साझा किया। बीमारी बाद में पेरिटोनियम और फेफड़ों तक फैल गई। मई 2026 में उन्होंने बताया था कि डॉक्टरों ने एक्टिव ट्रीटमेंट बंद कर एंड-ऑफ-लाइफ केयर की सलाह दी थी। 5 अगस्त को सिडनी ने अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद फैंस और साथी क्रिएटर्स उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं।