टीवी और सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस दिव्या सेठ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दिग्गज अभिनेत्री सुषमा सेठ की बड़ी बेटी दिव्या ने कई यादगार टीवी शोज और फिल्मों में काम किया है। उन्हें खास तौर पर दूरदर्शन के कल्ट शो ‘हम लोग’ में निभाए गए ‘मंझली’ के किरदार के लिए याद किया जाता है। पिछले करीब दो साल से दिव्या लाइमलाइट से दूर हैं। दरअसल, साल 2024 में उनकी जिंदगी में ऐसा दुख आया, जिसने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया। उनकी 23 वर्षीय बेटी मिहिका शाह का अचानक निधन हो गया था। बताया गया कि मिहिका को पहले बुखार आया और इसके बाद उन्हें दौरा पड़ा। हालांकि, परिवार ने उनकी मौत की आधिकारिक वजह का खुलासा नहीं किया था। अब बेटी के निधन के करीब दो साल बाद दिव्या ने मिहिका को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने इंद्रधनुष का वीडियो साझा करते हुए अपनी बेटी को जन्मदिन के महीने में याद किया और लिखा कि वह आज भी उसके प्यार को हर एहसास में महसूस करती हैं। दिव्या ने यह भी कहा कि वह अपनी बेटी की जिंदगी को सिर्फ उसके जाने के दुख तक सीमित नहीं करना चाहतीं। दिव्या की इस भावुक पोस्ट ने फैंस को भी भावुक कर दिया है। लोग कमेंट्स में उन्हें हिम्मत रखने की सलाह दे रहे हैं और मिहिका की याद में अपना प्यार जता रहे हैं। बता दें कि मिहिका का निधन 5 अगस्त 2024 को मुंबई में हुआ था। वह अपनी नानी सुषमा सेठ की बेहद लाडली थीं। निधन से कुछ दिन पहले दिव्या ने मां और बेटी के साथ तीन पीढ़ियों की खूबसूरत तस्वीर भी शेयर की थी, जो अब परिवार के लिए एक अनमोल याद बन चुकी है।