बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने हाल ही में अपनी 15 महीने की नातिन इवारा से जुड़ा एक दिल छू लेने वाला किस्सा साझा किया है। अभिनेता के मुताबिक, उनकी नातिन हर सुबह नरेंद्र मोदी की तस्वीर देखकर दिन की शुरुआत करती है और तस्वीर के सामने मिठाई भी अर्पित करती है। यह वीडियो और बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने बताया कि इवारा, जो उनकी बेटी अथिया शेट्टी और भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल की बेटी हैं, को एक बार एयरपोर्ट पर उसकी नैनी ने पीएम मोदी के बारे में बताया था। इसके बाद से उसने खुद ही यह आदत अपना ली। सुनील शेट्टी ने कहा, "आप मानेंगे नहीं, मेरी नातिन अभी 15 महीने की है। हर सुबह वह साईं बाबा की एक किताब खोलती है, जिसमें मोदी जी की तस्वीर है। वह तस्वीर देखकर 'मोदी जी, मोदी जी' कहती है। फिर गणपति जी की मूर्ति के पास से मिठाई लाकर उस तस्वीर के सामने रखती है। न मैंने और न ही उसकी मां ने उसे ऐसा करना सिखाया है।" अभिनेता ने आगे कहा कि उन्हें यह देखकर हैरानी होती है कि इतनी छोटी बच्ची बिना किसी के कहे ऐसा करती है। उन्होंने कहा कि इवारा अकेली ऐसी बच्ची नहीं है और उन्हें लगता है कि इसमें "कुछ तो जादुई बात" है। सुनील शेट्टी का यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इवारा की मासूमियत की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वहीं, कई यूजर्स इस प्यारे किस्से को बेहद भावुक और दिल जीत लेने वाला बता रहे हैं।

---विज्ञापन---