संजीदा शेख एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। वजह हैं उनकी और हर्षवर्धन राणे की हालिया सोशल मीडिया तस्वीरें, जिनमें फैंस को बैकग्राउंड और लोकेशन काफी हद तक एक जैसी नजर आई। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के एक साथ वेकेशन मनाने और डेटिंग की चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर कभी कोई ऑफिशियल बयान नहीं दिया है। संजीदा और हर्षवर्धन की मुलाकात फिल्म ‘तैश’ के दौरान हुई थी। साथ काम करने के बाद दोनों की बॉन्डिंग की खबरें सामने आने लगी थीं। कोविड के दौरान भी दोनों को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुईं। इसी दौर में संजीदा और उनके पूर्व पति आमिर अली के रिश्ते में अनबन की खबरें भी सामने आ रही थीं। हालांकि, ऐसा कोई पक्का सबूत या आधिकारिक बयान नहीं है, जिससे यह कहा जा सके कि हर्षवर्धन की वजह से संजीदा और आमिर का रिश्ता टूटा। संजीदा ने 2012 में आमिर अली से शादी की थी। दोनों टीवी के चर्चित कपल्स में शामिल थे और उनकी एक बेटी भी है। बाद में दोनों अलग हो गए और उनका रिश्ता आधिकारिक तौर पर खत्म हो गया। अब एक जैसी लोकेशन वाली तस्वीरों ने पुरानी चर्चाओं को फिर हवा दे दी है। कुछ फैंस इसे रिश्ते का ‘सॉफ्ट लॉन्च’ बता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त हैं। फिलहाल संजीदा और हर्षवर्धन ने अपने रिश्ते को लेकर कोई पुष्टि नहीं की है।