साउथ सुपरस्टार प्रभास के फैंस के लिए आने वाला साल बेहद खास हो सकता है. 'बाहुबली' स्टार ने अपने 47वें जन्मदिन पर फैंस को एक के बाद एक सरप्राइज दिए. पहले उनकी अपकमिंग फिल्म 'फौजी' का टीजर सामने आया, फिर ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल से भैरव की वापसी का वीडियो सामने आया जिसने लोगों के उत्साह को बढ़ा दिया, इसके बाद उनकी सुपरहिट फिल्म 'सलार' के सीक्वल को लेकर भी बड़ा अपडेट मिला. फिल्ममेकर प्रशांत नील ने ऐलान किया है कि वह जून 2027 में 'सलार 2' से जुड़ी जानकारी देंगे. ऐसे में प्रभास के चाहने वालों की एक्साइटमेंट बढ़ गई है.
'सलार 2' पर कब मिलेगा बड़ा अपडेट?
प्रभास के जन्मदिन पर निर्देशक प्रशांत नील उनसे मिलने पहुंचे थे. इस दौरान प्रभास अपनी फिल्म 'फौजी' के निर्देशक हनु राघवपुडी के साथ मौजूद थे. दोनों की मुलाकात का एक वीडियो सामने आया, जिसमें प्रभास मजाकिया अंदाज में प्रशांत नील से अपना बर्थडे गिफ्ट मांगते नजर आए. उनका इशारा 'सलार 2' की तरफ था.
'सलार 2' को लेकर कब मिलेगी गुड न्यूज?
इस पर प्रशांत नील ने कहा कि वह जून 2027 में फिल्म से जुड़ा बड़ा अपडेट देंगे. हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि उस समय फिल्म की शूटिंग, रिलीज डेट या किसी दूसरी जानकारी का ऐलान होगा. फिलहाल, इतना जरूर है कि फैंस को अगले साल जून तक इंतजार करना पड़ सकता है.
'शौर्यांग पर्वम' में फिर दिखेगी देवा और वरदराज की कहानी
'सलार' के दूसरे पार्ट का नाम 'सलार: पार्ट 2 शौर्यांग पर्वम' है. फिल्म में प्रभास एक बार फिर देवा के किरदार में नजर आएंगे, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन वरदराज मन्नार की भूमिका निभाएंगे. कहानी दोनों बचपन के दोस्तों के रिश्ते और खनसार की सत्ता के इर्द-गिर्द घूमती है. पहले पार्ट के बाद दर्शक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि दोनों की कहानी आगे क्या मोड़ लेगी.
2027 में प्रभास की होगी धुआंधार वापसी?
प्रभास के लिए 2027 कई मायनों में अहम हो सकता है. उनकी फिल्म 'फौजी' की रिलीज 19 मार्च 2027 के लिए तय बताई गई है. वहीं, संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बन रही 'स्पिरिट' की रिलीज 29 अक्टूबर 2027 को प्रस्तावित है. इसके अलावा 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता है.
प्रभास के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी
अगर 'सलार 2' पर अगले साल बड़ा अपडेट आता है, तो प्रभास के फैंस के लिए यह किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं होगा. अब देखना होगा कि उनकी आने वाली फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कितना कमाल दिखाती हैं और क्या 2027 वाकई उनके नाम रहता है.