Harsh Gujral and Madhur Virli Summoned by Maharashtra Cyber Cell: स्टैंड-अप कॉमेडियन हर्ष गुजराल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. रोहित शेट्टी के शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' के फाइनलिस्ट रहे हर्ष गुजराल अपने अश्लील और आपत्तिजनक जोक्स की वजह से कानूनी पचड़े में फंस गए हैं. इस कानूनी मुद्दे में हर्ष गुजराल अकेले नहीं, उनके साथ स्टैंड-अप कॉमेडियन मधुर विर्ली भी फंसे हुए हैं. दरअसल, हर्ष गुजराल और मधुर विर्ली को महाराष्ट्र साइबर सेल ने समन भेजा है. इन दोनों कॉमेडियन को उनके कॉमेडी शो के दौरान अश्लील और आपत्तिजनक जोक्स के इस्तेमाल के आरोप में साइबर सेल ने तलब किया है. चलिए, पूरा मामला विस्तार से जानते हैं.

हर्ष गुजराल-मधुर विर्ली को पूछताछ के लिए बुलाया

महाराष्ट्र साइबर सेल ने हर्ष गुजराल और मधुर विर्ली को समन भेजते हुए 19 अक्टूबर को महाराष्ट्र साइबर सेल के समक्ष पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है. इंडिया टुडे और मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, एक महिला की शिकायत के बाद इन दोनों स्टैंड-अप कॉमेडियन के खिलाफ जांच शुरू की गई थी. इसी कानूनी कार्यवाही के तहत ही महाराष्ट्र साइबर सेल ने हर्ष गुजराल और मधुर विर्ली को समन भेजा है. हालांकि, अभी तक इस मामले पर हर्ष गुजराल और मधुर विर्ली, दोनों में से किसी ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. मामले से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए प्रतीक्षा की जा रही है.

इन कॉमेडियंस पर भी गिर चुकी है कानूनी गाज

बता दें कि हर्ष गुजराल और मधुर विर्ली से पहले भी कई कॉमेडियंस और कंटेंट क्रिएटर्स पर अपने शो और वीडियो में अश्लील और आपत्तिजनक जोक्स के इस्तेमाल को लेकर कानूनी कार्रवाई हो चुकी है. इसमें प्रणित मोरे, अपूर्वा मुखीजा और रणवीर अल्लाहबादिया सहित कई सोशल मीडिया स्टार्स के नाम शामिल हैं.

कौन हैं हर्ष गुजराल और मधुर विर्ली?

बात करें हर्ष गुजराल की, तो उन्होंने स्टैंड-अप कॉमेडी के अलावा फिल्मों और रियलिटी शोज में भी हाथ आजमाया है. उन्होंने 2025 में आई कॉमेडी फिल्म 'मेरे हसबैंड की बीवी' में अर्जुन कपूर के साथ काम किया था. इसके बाद वह 'द कपिल शर्मा शो', 'मैडनेस मचाएंगे - इंडिया को हंसाएंगे', 'द ट्रेटर्स' और 'खतरों के खिलाड़ी 15' जैसे रियलिटी शोज में भी दिखाई दिए हैं. वहीं, मधुर विर्ली जून 2026 में उस समय विवादों में घिर गए, जब उनके स्टैंड-अप शो 'लव एंड लेटेक्स' का एक पुराना वीडियो ऑनलाइन वायरल हो गया. इस वीडियो में रेप से जुड़ा एक मजाक था, जिसका पूरे देश में विरोध किया गया था.