Sohel Khan Death Reason: बांग्लादेशी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर सोहेल खान का 24 नवंबर, 2026 को निधन हो गया. उनकी मौत की खबर ने पूरी इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है. जानकारी के अनुसार, वह शूटिंग के लिए सेट पर गए थे और वहां उन्होंने अपने साथियों के साथ नाश्ता किया, जिसके कुछ देर बाद ही अचानक उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई. जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई, इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी. बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था. चलिए जानते हैं कि आखिर सोहेल खान की मौत कैसे हुई.

शूटिंग के लिए गए थे बोगुरा

बांग्लादेशी न्यूज वेबसाइट द डेली स्टार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही सोहेल खान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘नसीब’ की शूटिंग के लिए बोगुरा गए थे, जहां उन्होंने फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग भी की. शूटिंग के लिए बोगुरा आए सोहेल खान जिस होटल में ठहरे हुए थे, वहीं उनका निधन हो गया. फिल्म 'नसीब' के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर मोहम्मद इकबाल ने सोहेल खान के निधन की पुष्टि की.

नाश्ता करने के बाद आया दिल का दौरा

फिल्म 'नसीब' के डायरेक्टर मोहम्मद इकबाल ने सोहेल खान के निधन की जानकारी देते हुए कहा, 'सोहेल खान 18 नवंबर को फिल्म की शूटिंग के लिए बोगुरा गए थे. वह अपने होटल रूम में फिल्म की टीम के साथ ही होटल में रह रहे थे. 24 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे सोहेल ने नाश्ता किया. इस दौरान उन्होंने अपने साथियों के साथ मजाक-मस्ती भी की. इसके कुछ देर बाद ही उन्हें अपने रूम में हार्ट अटैक आया.'

क्या बोले डॉक्टर?

मोहम्मद इकबाल ने आगे बताया कि इसके बाद फिल्म की टीम आनन-फानन में सोहेल खान को TMSS मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गई. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई. आखिर में डॉक्टरों ने सुबह करीब 9:30 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सोहेल खान बांग्लादेशी टीवी और फिल्मों के जाने-माने एक्टर थे. उन्होंने ‘गुलाब जामुन’, ‘फैमिली क्राइसिस’, ‘लीडर’ और ‘जंगली’ जैसे हिट और यादगार फिल्मों और टीवी शोज में काम किया था.