बॉलीवुड स्टार Ranbir Kapoor एक बार फिर अपनी स्मार्ट इन्वेस्टमेंट को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में खबर आई थी कि रणबीर ने रामजन्मभूमि अयोध्या में प्रीमियम प्रोजेक्ट “The Sarayu” में 3.31 करोड़ रुपये का प्लॉट खरीदा है। वहीं अब एक्टर ने अपने मुंबई स्थित आलीशान ‘वास्तु’ अपार्टमेंट से कमाई का नया जरिया भी बना लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रणबीर कपूर ने पाली हिल स्थित अपने लग्जरी अपार्टमेंट को 11 लाख रुपये प्रति महीने के किराए पर दे दिया है। यह डील पूरे 5 साल के लिए हुई है। 19 मई 2026 को रजिस्टर हुए इस लीव-एंड-लाइसेंस एग्रीमेंट में 45 लाख रुपये का सिक्योरिटी डिपॉजिट भी शामिल है। खास बात ये है कि एग्रीमेंट में हर साल 5 प्रतिशत किराया बढ़ाने का क्लॉज भी रखा गया है। रणबीर ने यह फ्लैट साल 2016 में करीब 35 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2460 स्क्वायर फीट में फैला यह अपार्टमेंट मुंबई की पॉश बिल्डिंग ‘वास्तु’ की सातवीं मंजिल पर स्थित है। इस घर को मशहूर इंटीरियर डिजाइनर Gauri Khan ने डिजाइन किया था। यह वही घर है जहां रणबीर और Alia Bhatt ने अपने रिश्ते की नई शुरुआत की थी। दोनों की शादी भी इसी घर की बालकनी में हुई थी। इतना ही नहीं, बेटी राहा से जुड़ी कई खास यादें भी इसी घर से जुड़ी हैं।