जून के पहले ही दिन एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज सिंगर Suman Kalyanpur अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 89 साल की उम्र में उन्होंने रविवार, 31 मई को मुंबई स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई। फैंस से लेकर कलाकार और कई जानी-मानी हस्तियां सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हैं। जानकारी के मुताबिक, सुमन कल्याणपुर पिछले कुछ समय से बढ़ती उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। रविवार शाम करीब 8 बजे लोखंडवाला स्थित अपने निवास पर उन्होंने शांतिपूर्वक दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी करीबी दोस्त और मराठी जीवनी ‘सुमन सुगंध’ की लेखिका मंगला खाडिलकर ने बताया कि अपने आखिरी दिनों में भी सुमन जी अक्सर अपने पुराने गाने सुना करती थीं। सुमन कल्याणपुर भारतीय संगीत जगत का वो नाम थीं, जिनकी मधुर आवाज़ ने लाखों दिलों को छुआ। ‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’, ‘ना ना करते प्यार’, ‘ना तुम हमें जानो’ और ‘तुमने पुकारा और हम चले आए’ जैसे कई सदाबहार गानों को उन्होंने अपनी आवाज दी। खासकर Mohammed Rafi के साथ उनके गाए गीत आज भी संगीत प्रेमियों की पसंद बने हुए हैं।