Elvish Yadav Khargosh Janata Party: मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव एक बार फिर अपने बेबाक और मजाकिया अंदाज के कारण इंटरनेट पर छा गए हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक खास संगठन को ट्रोल करते हुए एल्विश ने कुछ ऐसा कर दिया है जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी. उन्होंने न सिर्फ एक 'नई राजनीतिक पार्टी' का एलान कर दिया है बल्कि उसका चुनावी पोस्टर और अजीबोगरीब चुनावी वादे भी जारी कर दिए हैं. जंतर-मंतर पर फ्री गाजर बांटने से लेकर पेपर लीक करवाने तक के दावों ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है.

CJP का मजाक उड़ाते हुए बनाया मजेदार मैनिफेस्टो

एल्विश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' पर तंज कसते हुए उनके मैनिफेस्टो का मजाक उड़ाया. उन्होंने व्यंग्य करते हुए लिखा कि इस पार्टी की कैबिनेट मीटिंग्स फ्रिज के पीछे होती हैं और इन्हें रोशनी से चिढ़ है इसलिए यहां पारदर्शिता जीरो है. एल्विश ने यह भी कहा कि वह अब इन लोगों से बहस नहीं करते क्योंकि बहस से ज्यादा 'पेस्ट कंट्रोल' प्रभावी होता है.

---विज्ञापन---

'खरगोश जनता पार्टी' का पोस्टर और फ्री गाजर का वादा

अपने मजाक को अगले स्तर पर ले जाते हुए एल्विश ने खुद की 'खरगोश जनता पार्टी' का पोस्टर शेयर किया. इस पोस्टर पर गाजर खाते हुए खरगोश की फोटो है और नारा दिया गया है- 'तेज दिमाग, लंबे कान, सबका विकास गाजर के साथ'. एल्विश ने मजाकिया अंदाज में अपने प्रशंसकों को जंतर-मंतर पहुंचने का न्योता दिया और कहा कि वहां सबको 'फ्री गाजर' मिलेगी.

पेपर लीक वाले सवाल पर दिया विवादित और तीखा जवाब

जब एक यूजर ने एल्विश से देश की अर्थव्यवस्था और नीट (NEET) पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल पूछा, तो एल्विश ने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने लिखा कि 'खरगोश जनता पार्टी' को सपोर्ट करो और तुम्हें जो भी पेपर चाहिए होगा, हम उसे लीक करवा देंगे. उनके इस जवाब को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है.

---विज्ञापन---

ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब

सोशल मीडिया पर जब कुछ लोगों ने एल्विश को यह कहकर ट्रोल किया कि अब उनके वीडियो पर व्यूज और लाइक्स नहीं आते और वह यूट्यूब पर इसके लिए रोते हैं, तो एल्विश ने भी पलटवार किया. उन्होंने ट्रोलर को जवाब देते हुए लिखा कि जिसे आप 'ट्रोलिंग के लायक' भी नहीं समझ रहे, उसकी साप्ताहिक परफॉर्मेंस पर नजर रखने के लिए आपने वाकई काफी मेहनत और कमिटमेंट दिखाया है.

---विज्ञापन---