बॉलीवुड की लेडी सुपरस्टार श्रीदेवी की जिंदगी का आखिरी जश्न आज भी लोगों को याद है। इन दिनों कपूर परिवार में अंशुला कपूर की शादी की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन इसी बीच फैंस को साल 2018 की वो शादी याद आ गई, जो खुशियों के बीच मातम में बदल गई थी। दरअसल, 22 फरवरी 2018 को मोहित मारवाह और अंतरा मोतिवाला की ग्रैंड वेडिंग दुबई में हुई थी। इस शादी में पूरा कपूर परिवार शामिल हुआ था। श्रीदेवी ने भी हर फंक्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था और अपने खूबसूरत अंदाज़ से सभी का दिल जीत लिया था। ग्रीन एम्ब्रॉयडर्ड लहंगे, डायमंड ज्वेलरी और रॉयल लुक में श्रीदेवी किसी अप्सरा से कम नहीं लग रही थीं। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि शादी के महज दो दिन बाद ही इतनी बड़ी दुखद खबर सामने आएगी। 24 फरवरी 2018 को दुबई के होटल रूम में श्रीदेवी बेसुध मिली थीं। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 54 साल की उम्र में श्रीदेवी के अचानक निधन की खबर ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया था। कपूर परिवार की शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई थीं।