YouTuber Bonu Komali Death: सोशल मीडिया वर्ल्ड से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां एक फेमस यूट्यूबर बोनू कोमाली का निधन हो गया है. बोनू कोमाली ने महज 21 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया. खबरों के अनुसार, बोनू कोमाली तेलंगाना के हैदराबाद में किराए के एक घर में रहती थी. उसी घर में आज सुबह वो मृत पाई गईं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी. चलिए आपको बताते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है?
यूट्यूबर ने खत्म की खुद की जिंदगी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, हैदराबाद में रह कर पढ़ाई कर रही बोनू कोमाली ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. बोनू कोमाली ने हैदराबाद के मणिकोंडा में किराए के फ्लैट में आत्महत्या की है. बताया जा रहा है कि 21 साल की बोनू कोमाली ने अधूरे प्यार की वजह से खुद की जिंदगी खत्म कर ली है. सुनने में आया है कि वह 27 साल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर से प्यार करती थी. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
मम्मी आई लव यू सो मच…
पुलिस के मुताबिक, बोनू कोमाली ने 23 फरवरी को सुबह 1.34 बजे अपनी मां बी सत्य वरलक्ष्मी को एक मैसेज भेजा था. कोमाली की मां दुबई में काम करती हैं. इस मैसेज में कोमाली ने लिखा था, ‘मम्मी, आई लव यू सो मच…’ इसके साथ ही उसने अपने छोटे भाई का ख्याल रखने के लिए भी कहा था.
कोमाली का फोन बंद
बेटी का ये मैसेज मिलने के बाद मां ने कई बार उसे फोन करने की कोशिश की, लेकिन कोमाली का फोन बंद आता रहा. इसके बाद उन्होंने कोमाली की दोस्त मानसा से फोन किया और उसे कोमाली का हालचाल जानने के लिए कहा. इसके बाद जब मानसा दोपहर करीब 3 बजे फ्लैट पहुंची, तो उसने देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है. मानसा ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
फंदे में लटकी मिली लाश
इसके बाद मानसा ने कोमाली के पड़ोसियों को इसकी सूचना दी और पुलिस को बुलाया. रायदुर्गम के इंस्पेक्टर सी. वेंकन्ना ने TOI से कहा, ‘हमारी टीम ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर उसे खोला तो कमरे में हमें कोमाली छत के पंखे से फंदे में लटकी हुई मिली.’ पुलिस को शुरुआती जांच से पता चला कि लंबे समय से चल रहे रिश्ते के झगड़े की वजह से वह इमोशनल परेशान हो गई थी.