Thalapathy Vijay Jana Nayagan: थलपति विजय के फिल्मी करियर की विदाई फिल्म 'जना नायकन' के लिए राह आसान नहीं दिख रही है. एच. विनोद के निर्देशन में बनी यह पॉलिटिकल एक्शन थ्रिलर रिलीज से पहले ही विवादों की भेंट चढ़ गई है. पिछले चार महीनों से यह फिल्म पायरेसी, रीमेक के आरोपों और कानूनी लड़ाइयों से जूझ रही थी, लेकिन अब जमीनी स्तर पर विरोध शुरू हो गया है. मदुरै के स्थानीय समुदायों ने फिल्म के कुछ सीन्स पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिससे फिल्म की रिलीज पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं. विजय के फैंस, जो इसे एक ऐतिहासिक विदाई मान रहे थे, अब इस संशय में हैं कि फिल्म सिनेमाघरों तक पहुंच भी पाएगी या नहीं.
तीन गांवों का संगठित विद्रोह
मदुरै जिले के पापपत्ती, पगाथेवनपत्ती और पेयमपत्ती गांवों के निवासियों ने फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. सोमवार को ग्रामीणों ने अपने घरों के बाहर काले झंडे लगाकर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शन किया. उनका आरोप है कि फिल्म में उनके गांवों और स्थानीय उपचुनाव से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को गलत और आपत्तिजनक तरीके से पेश किया गया है, जिससे उनकी छवि धूमिल हो रही है.
निर्माताओं से माफी की मांग
प्रदर्शनकारियों का गुस्सा सिर्फ प्रदर्शन तक सीमित नहीं है. उन्होंने फिल्म निर्माताओं के सामने तीन कड़ी शर्तें रखी हैं. उनकी मांग है कि निर्देशक एच. विनोद और अभिनेता विजय सार्वजनिक रूप से इन गलत सीन्स के लिए माफी मांगें. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी भावनाओं का सम्मान नहीं किया जाता, वे विरोध कम नहीं करेंगे.
विवादित दृश्यों को हटाने की शर्त
ग्रामीणों ने सरकार से भी हस्तक्षेप की अपील की है. उनकी मांग है कि सेंसर बोर्ड और प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि फिल्म की रिलीज से पहले उन सभी दृश्यों को हटा दिया जाए जो उनके समुदाय को गलत तरीके से दिखाते हैं. उन्होंने तमिल सिनेमा में ग्रामीण समुदायों के 'जिम्मेदार चित्रण' की भी वकालत की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य गांव के साथ ऐसा न हो.
रिलीज डेट पर बना संशय
'थलपति 69' के नाम से मशहूर इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा सितंबर 2024 में हुई थी. पहले इसे अक्टूबर 2025 में रिलीज होना था, जिसे बाद में बढ़ाकर 9 जनवरी 2026 (पोंगल) कर दिया गया था. वहीं पिंकविला की रिपोर्ट्स के अनुसार यह फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी. हालांकि अभी तक इसकी ऑफिशियल घोषणा नहीं की गई है. वहीं मौजूदा विवादों और कानूनी अड़चनों के कारण फिल्म अब तक पर्दे पर नहीं आ पाई है. फिलहाल मेकर्स की ओर से नई तारीख को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है.
विजय के राजनीतिक करियर पर असर
बता दें कि यह विजय की आखिरी फिल्म है और वे सक्रिय राजनीति में कदम रख रहे हैं, ऐसे में फिल्म का किसी भी विवाद में फंसना उनके राजनीतिक करियर के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है. यह फिल्म उनके फैंस के लिए एक इमोशनल विदाई थी, लेकिन अब यह कानूनी और सामाजिक विवादों का एक बड़ा मुद्दा बन गई है.