Singeetham Srinivasa Rao Death: साउथ सिनेमा और भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. अपनी विजनरी सोच और अनोखी फिल्मों से सिनेमा के पन्नों पर इतिहास रचने वाले दिग्गज फिल्ममेकर सिंगीथम श्रीनिवास राव (Singeetham Srinivasa Rao) अब हमारे बीच नहीं रहे. 94 वर्ष की उम्र में चेन्नई के कावेरी अस्पताल में उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली. बढ़ती उम्र से जुड़ी दिक्कतों के चलते वे भर्ती थे. उनके जाने से पूरे साउथ एंटरटेनमेंट वर्ल्ड में गहरा शोक छा गया है.

94 की उम्र में भी डायरेक्शन का जुनून

सिंगीथम का फिल्मों के प्रति पैशन इस कदर था कि 94 साल की उम्र में भी उन्होंने कैमरे के पीछे वापसी की और 'सिंग गीथम' (Sing Geetham) नाम की एक एक्सपेरिमेंटल म्यूजिकल कॉमेडी बनाई. इस फिल्म के साथ वे विश्व सिनेमा के दूसरे सबसे बुजुर्ग एक्टिव डायरेक्टर बन गए. इस प्रोजेक्ट में 'कल्कि 2898 AD' के डायरेक्टर नाग अश्विन (Nag Ashwin) भी उनके साथ जुड़े थे.

---विज्ञापन---

6 दशकों का सिनेमैटिक सफर

छह दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषाओं में एक से बढ़कर एक फिल्में दीं. वे सिर्फ एक बेहतरीन डायरेक्टर ही नहीं, बल्कि स्क्रीनराइटर, प्रोड्यूसर, एक्टर और म्यूजिक कंपोजर भी थे. लीग से हटकर नए-नए प्रयोग करना उनकी सबसे बड़ी ताकत थी.

बिना डायलॉग वाली कल्ट फिल्म 'पुष्पक'

1987 में आई कमल हासन (Kamal Haasan) और अमाला स्टारर 'पुष्पक' (Pushpak) उनकी सबसे बड़ी मास्टरपीस मानी जाती है. बिना किसी डायलॉग के बनाई गई इस साइलेंट ब्लैक-कॉमेडी ने भारत ही नहीं, बल्कि ग्लोबल लेवल पर जमकर तारीफें बटोरी थीं.

---विज्ञापन---

टाइम ट्रेवल और ब्लॉकबस्टर प्रोजेक्ट्स

उनकी क्लासिक फिल्मों में 1991 की टाइम-ट्रेवल साई-फाई 'आदित्य 369' (Aditya 369), कमल हासन की 'अपूर्व सहोदरर्गल' ('अप्पू राजा'), 'माइकल मदन कामराजन' (जिसमें कमल हासन ने 4 रोल निभाए थे), डांसर सुधा चंद्रन की बायोपिक 'मयूरी' और नंदमुरी बालकृष्ण की 'भैरव द्वीपम' शामिल हैं. उन्होंने कन्नड़ सुपरस्टार डॉ. राजकुमार संग 7 ब्लॉकबस्टर फिल्में भी बनाईं.

2 नेशनल अवॉर्ड्स और ढेरों सम्मान

सिनेमा में उनके अमूल्य योगदान के लिए उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था. अपने करियर में उन्होंने 2 नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स, 5 नंदी अवॉर्ड्स, 3 कर्नाटक स्टेट फिल्म अवॉर्ड्स और 3 फिल्मफेयर साउथ अवॉर्ड्स अपने नाम किए.

---विज्ञापन---