Toxic Trailer Scenes: साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' का धमाकेदार ट्रेलर कल यानी 8 अगस्त को जारी कर दिया गया है. 70 और 80 के दशक के गोवा की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में यश एक बार फिर अपने पुराने बागी और आक्रामक तेवर में नजर आ रहे हैं. हालांकि, ट्रेलर के आते ही एक बात ने सभी का ध्यान सबसे ज्यादा आकर्षित किया. टीजर में छाए रहने वाले तमाम बोल्ड और इंटीमेट सीन्स को ट्रेलर से पूरी तरह हटा दिया गया है. इसके पीछे की वजह कानूनी पचड़े और सेंसर बोर्ड का दबाव माना जा रहा है.

टीजर में दिखाए गए सीन्स पर विवाद

फिल्म की मुश्किलें इसके शुरुआती टीजर से ही शुरू हो गई थीं, जिसमें दिखाए गए अंतरंग सीन को लेकर दर्शकों ने कड़ी आपत्ति जताई थी. इसके बाद आए दूसरे टीजर 'लेडीज एंड लेडीज' को भी कई लोगों ने अश्लील करार दिया. सोशल मीडिया पर आलोचना बढ़ने के साथ ही मेकर्स पर महिलाओं को सिर्फ एक वस्तु के रूप में दिखाने के आरोप भी लगने लगे.

---विज्ञापन---

महिला आयोग और कानूनी कार्रवाई

टीजर के बोल्ड कंटेंट के खिलाफ विरोध की आवाज राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी उठी. आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने इसकी शिकायत कर्नाटक राज्य महिला आयोग में दर्ज कराई. इसके बाद महिला आयोग ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को पत्र लिखकर भारतीय संस्कृति और महिलाओं के सम्मान के खिलाफ जाने वाले सीन्स पर समीक्षा रिपोर्ट मांग ली.

धार्मिक संगठनों का भी बढ़ा विरोध

फिल्म का विरोध सिर्फ महिला आयोग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धार्मिक संस्थाओं ने भी इस पर गहरा एतराज जताया. खबरों के मुताबिक, नेशनल क्रिश्चियन फेडरेशन ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि फिल्म के कुछ दृश्यों में उनके धर्म से जुड़े प्रतीकों को गलत तरीके से पेश किया गया है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं.

---विज्ञापन---

सेंसर बोर्ड की सख्ती और छंटनी

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आने वाले टीजर को सेंसर सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं होती, लेकिन ऑफिशियल ट्रेलर और फिल्म को थिएटर में रिलीज करने के लिए 'सीबीएफसी' (CBFC) से मंजूरी लेनी अनिवार्य होती है. कानूनी अड़चनों और सेंसर बोर्ड की कड़ाई से बचने के लिए निर्माताओं ने खुद ही ट्रेलर से सभी विवादित और बोल्ड सीन हटाना बेहतर समझा.

---विज्ञापन---

ट्रेलर में दिखा यश का नया अवतार

इन सभी विवादों के बीच रिलीज हुए ट्रेलर में यश का खूंखार और एक्शन से भरपूर अंदाज देखने को मिल रहा है. हालांकि, ट्रेलर में यश का एक न्यूड सीन जरूर शामिल किया गया है. फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी जैसी बड़ी अभिनेत्रियां मुख्य किरदारों में नजर आने वाली हैं.

---विज्ञापन---