Nayanthara: साउथ सिनेमा की लेडी सुपरस्टार नयनतारा इन दिनों किसी फिल्म से ज्यादा अपनी एक वायरल फोटो की वजह से सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर उनके मंदिर परिसर के बाहर बिल्कुल गंजे लुक वाली तस्वीरें तेजी से फैल रही हैं. इन तस्वीरों को देखकर फैंस हैरान रह गए और कयास लगाने लगे कि क्या नयनतारा ने अपनी आने वाली बड़ी फिल्म 'टॉक्सिक' की सफलता के लिए सिर मुंडवा लिया है. हालांकि, इस पूरे मामले की पड़ताल करने पर सच्चाई कुछ और ही निकली है. आइए जानते हैं नयनतारा के इस वायरल लुक की पूरी सच्चाई…
मंदिर के बाहर गंजे लुक की तस्वीरें
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में नयनतारा एक मंदिर के बाहर नजर आ रही हैं और उनका सिर पूरी तरह से मुंडा हुआ दिख रहा है. तस्वीर सामने आते ही इंटरनेट पर सनसनी फैल गई और लोग इसे उनकी फिल्म 'टॉक्सिक' के लिए किया गया नया प्रयोग या कोई मन्नत बताने लगे.
एआई वॉटरमार्क से खुली फर्जीवाड़े की पोल
तस्वीरों को ध्यान से देखने पर यूजर्स ने एआई (AI) का वॉटरमार्क पकड़ लिया. सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि फेक फोटो बनाते समय कम से कम एआई का वॉटरमार्क हटा लेना चाहिए था. लोगों ने तुरंत साफ कर दिया कि ये तस्वीरें असली नहीं बल्कि एआई तकनीक से बनाई गई हैं.
अप्रैल महीने की तिरुमला यात्रा की हैं फोटोज
रिपोर्ट्स के अनुसार, ये तस्वीरें नयनतारा की इसी साल अप्रैल में हुई तिरुमला मंदिर यात्रा की हैं. उस समय वे अपने पति विग्नेश शिवन के साथ भगवान के दर्शन करने पहुंची थीं. यानी मंदिर की तस्वीरें तो असली थीं, लेकिन उसमें उनके बालों को हटाकर गंजा लुक एआई के जरिए जोड़ा गया था.
यश की फिल्म 'टॉक्सिक' में नजर आएंगी
काम के मोर्चे पर, नयनतारा सुपरस्टार यश के साथ बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक' (Toxic) में मुख्य भूमिका निभाती हुई दिखाई देंगी. गीतू मोहनदास के डायरेक्शन में बन रही इस पैन-इंडिया फिल्म में कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसे कई दिग्गज कलाकार शामिल हैं.
26 अगस्त को थिएटर्स में रिलीज
फिल्म 'टॉक्सिक' 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. आमतौर पर फिल्मों के प्रमोशन और इवेंट्स से दूर रहने वाली नयनतारा हाल ही में बेंगलुरु में हुए इस फिल्म के इवेंट में शामिल हुई थीं. उन्होंने बताया कि खुद यश के फोन करने के बाद उन्होंने इस स्पेशल इवेंट में आने का फैसला किया था.