मनोरंजन जगत के लिए बुधवार की सुबह एक दुखद खबर लेकर आई, जिसने फैंस से लेकर सेलेब्स तक की आंखों में आंसू ला दिए, जहां कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर, डायरेक्टर और डबिंग आर्टिस्ट दिलीप राज का 48 की उम्र में निधन हो गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार तड़के उन्हें अचानक हार्टअटैक आया. आनन-फानन में परिवार वाले उन्हें बेंगलुरु के कुमारस्वामी लेआउट के अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. उनके अचानक निधन की खबर से फैंस और पूरी कन्नड़ इंडस्ट्री सदमे में है.

कैसे मिली इतनी पॉपुलैरिटी?

दिलीप राज सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि मनोरंजन जगत का वर्सेटाइल चेहरा थे. उन्होंने फिल्मों, टीवी और थिएटर… तीनों प्लेटफॉर्म पर उन्होंने शानदार काम किया. अभिनय के अलावा वो फिल्ममेकर, डायरेक्टर और डबिंग आर्टिस्ट के तौर पर भी काफी पॉपुलर थे. अपने लंबे करियर में उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए, जिन्हें आज भी दर्शक पसंद करते हैं.

---विज्ञापन---

कैसे हुई करियर की शुरुआत?

2 सितंबर 1978 को जन्मे दिलीप राज ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी. उन्होंने 'नटारंगा' और 'दृष्टि' जैसे थिएटर ग्रुप्स के साथ काम करते हुए, अभिनय की बारीकियां सीखीं. बाद में अभिनेत्री नंदिता की मदद से उन्हें टीवी इंडस्ट्री में पहला मौका मिला. उनकी पहली टेलीफिल्म 'कंबड़ा माने' थी.

इन फिल्मों से बनाई खास पहचान

इसके बाद उन्होंने 'जननी' , 'अर्ध सत्य' , 'रंगोली' , 'कुमकुम भाग्य' , 'मंगल्य मालेबिल्लू' और 'रथसप्तमी' जैसे कई पॉपुलर शोज में काम कर घर-घर में पहचान बनाई. दिलीप राज के निधन के बाद उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. इस पोस्ट में उन्होंने अपनी फिल्म 'निम्मा वस्तुगलिगे नीवे जावब्दारारू' का पोस्टर शेयर किया था, जो जनवरी 2025 में रिलीज हुई थी.

---विज्ञापन---

क्या थी निधन से पहले की गई आखिरी पोस्ट?

पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने फैंस से फिल्म देखने और थिएटर में जाकर सपोर्ट करने की अपील की थी. अब उसी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं, और इमोशनल मैसेड लिख रहे हैं. हालांकि, फिल्म को दर्शकों से अच्छे रिव्यू मिले थे, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये ज्यादा कमाल नहीं दिखा सकी थी. बाद में इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म सन एनएक्सटी पर रिलीज किया गया, जहां इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला.

---विज्ञापन---

फैंस दे रहे भावुक श्रद्धांजलि

बहरहाल, दिलीप राज के अचानक चले जाने से कन्नड़ इंडस्ट्री ने एक बेहतरीन कलाकार खो दिया है. उनके निभाए किरदार और कला के प्रति उनका समर्पण हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रहेगा.

---विज्ञापन---