Duniya Vijay Nagarathna Divorce: कन्नड़ सिनेमा के चर्चित अभिनेता, निर्देशक और निर्माता दुनिया विजय (Duniya Vijay) और उनकी पत्नी नागरत्ना (Nagarathna) का 27 साल पुराना शादी का रिश्ता आखिरकार आधिकारिक तौर पर खत्म हो गया है. लंबे समय से चले आ रहे वैवाहिक विवाद पर फैसला सुनाते हुए कर्नाटक हाईकोर्ट ने दोनों के तलाक को मंजूरी दे दी है. अदालत ने दुनिया विजय को अपनी पत्नी को 2 करोड़ रुपये का गुजारा भत्ता देने का भी आदेश जारी किया है.
हाईकोर्ट ने दी तलाक को मंजूरी
कन्नड़ अभिनेता दुनिया विजय और नागरत्ना के बीच चल रहा कानूनी विवाद अब समाप्त हो गया है. कर्नाटक हाईकोर्ट की जस्टिस डीके सिंह और जस्टिस एच. शांतिभूषण की खंडपीठ ने दोनों के अलगाव पर मुहर लगा दी. कोर्ट ने फैसला सुनाते समय दोनों पक्ष की दलीलों, उनके तीन बच्चों के भविष्य और दुनिया विजय की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखा.
1999 में हुई थी शादी
दुनिया विजय और नागरत्ना का विवाह साल 1999 में हुआ था. इस शादी से दोनों के तीन बच्चे हैं. लंबे समय से दोनों के रिश्तों में खटास आ चुकी थी और वे अलग रह रहे थे. 27 सालों के इस लंबे सफर के बाद अब दोनों ने कानूनी रूप से एक-दूसरे से अपनी राहें पूरी तरह अलग कर ली हैं.
फैमिली कोर्ट के फैसले के बाद हाईकोर्ट
यह कानूनी लड़ाई काफी सालों तक चली. दुनिया विजय ने 2018 में तलाक के लिए आवेदन किया था, लेकिन 2024 में फैमिली कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी. निचली अदालत का मानना था कि क्रूरता के आरोप साबित नहीं हुए हैं. इसके बाद अभिनेता ने हाईकोर्ट का रुख किया, जहां दोनों पक्षों के बीच सुलह की गुंजाइश न देखते हुए अदालत ने अलगाव का फैसला सुनाया.
2 करोड़ का गुजारा भत्ता
अदालत ने नागरत्ना और बच्चों के संरक्षण के हित को देखते हुए दुनिया विजय को एकमुश्त 2 करोड़ रुपये की एलमनी देने का हुक्म दिया है. अभिनेता को यह राशि दो महीने के भीतर देनी होगी. तय सीमा में भुगतान न करने पर उन्हें 6 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ यह रकम चुकानी पड़ेगी.
'दुनिया' फिल्म से मिली थी पहचान
फिल्मों की बात करें तो दुनिया विजय कन्नड़ सिनेमा (Sandalwood) के बड़े अभिनेताओं में गिने जाते हैं. साल 2007 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दुनिया' (Duniya) से उन्हें इंडस्ट्री में जबरदस्त पहचान मिली थी, जिसके बाद वे 'दुनिया विजय' के नाम से मशहूर हो गए. उन्होंने एक्टिंग के साथ-साथ कई फिल्मों का निर्देशन और निर्माण भी किया है.