Muthukalai Wife Malathi Passes Away: मशहूर तमिल कॉमेडियन मुथुकलाई की पत्नी मालती पिछले करीब 20 दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं. ब्रेन हेमरेज की सर्जरी होने के बाद उनके फेफड़ों और अन्य अंगों में संक्रमण (Complications) फैल गया था, जिससे उन्हें सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही थी. मुथुकलाई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय से बेहतर इलाज के लिए मदद मांगी थी. मुख्यमंत्री विजय ने तुरंत अपने मंत्रियों को अस्पताल भेजा और कड़े निर्देश दिए, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी सोमवार को मालती का निधन हो गया. इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव ले जाया गया.
सर्जरी के बाद बिगड़ी थी तबीयत
मुथुकलाई ने शनिवार को एक वीडियो शेयर कर रोते हुए अपनी पत्नी का हाल बताया था. उन्होंने कहा था, "सर्जरी को 17 दिन हो चुके हैं. हालांकि दिमाग का ऑपरेशन सफल रहा था, लेकिन इसके बाद उनके फेफड़ों और दूसरे अंगों में दिक्कतें आ गईं, जिससे उन्हें सांस लेने में बहुत तकलीफ हो रही है."
मुख्यमंत्री थलपति विजय ने तुरंत बढ़ाया था हाथ
वीडियो सामने आते ही तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय ने संवेदनशीलता दिखाई. उन्होंने तुरंत अपने मंत्री आधव अर्जुना को फोन पर मुथुकलाई के परिवार से बात करने को कहा और दूसरे मंत्री राज मोहन को खुद अस्पताल भेजकर मालती के इलाज की निगरानी करने के निर्देश दिए थे.
अस्पताल में चल रहा था इलाज
खबरों के मुताबिक, मालती पिछले लगभग 20 दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही थीं. डॉक्टरों की भारी-भरकम टीम और एडवांस ट्रीटमेंट दिए जाने के बावजूद उनके शरीर ने दवाओं पर असर करना बंद कर दिया था.
मशहूर कॉमेडियन और एक्टर हैं मुथुकलाई
मुथुकलाई तमिल सिनेमा का एक जाना-माना नाम हैं. उन्होंने साल 1998 में फिल्म 'पोनमनम' से अपना डेब्यू किया था. वे साउथ के दिग्गज कॉमेडियन्स जैसे 'वडीवेलु' और 'विवेक' के साथ अपनी बेहतरीन कॉमेडी टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं. उनके पुराने कॉमेडी वीडियो आज भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते हैं.
कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों का रहे हिस्सा
मुथुकलाई ने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है. इनमें रजनीकांत की 'शिवाजी: द बॉस' और 'चंद्रमुखी 2' के अलावा 'अंबे शिवम', 'विजेता', 'पिथामगन' और 'एम. कुमारन सन ऑफ महालक्ष्मी' जैसी बड़ी फिल्में शामिल हैं. हाल ही में वे जियोहॉटस्टार की फिल्म 'लकी द सुपरस्टार' में भी नजर आए थे.