Doordarshan Show: दूरदर्शन हमेशा से यादों का पिटारा रहा है. यहां टीवी के ऐसे कई शोज आए, जिन्हें आज भी दर्शक भुला नहीं पाए. 80-90 दशक के कुछ शोज आज भी उतने ही पसंद किए जाते हैं, जितना सालों पहले पसंद किए जाते थे. रामायण, महाभारत और शक्तिमान जैसे शोज आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं. ये ऐसे टीवी शोज थे, जिन्हें पूरा परिवार साथ में बैठकर देखता था. आज हम आपको उस दौर के एक ऐसे ही टीवी सीरियल के बारे में बता रहे हैं.
लोककथाओं पर आधारित शो
लोककथाओं और पौराणिक कहानियों पर आधारित इस शो को भी खूब पसंद किया गया था. खास बात ये थी कि दूरदर्शन पर आने वाले इस शो में वो सभी कलाकार नजर आए थे, जो रामायण और महाभारत में भी देखे गए थे. चलिए इसके बारे में जानते हैं.
नजर आए थे 'रामायण' के कलाकार
इस शो में रामानंद सागर की रामायण में शामिल अरुण गोविल, अरविंद त्रिवेदी, सुनील लहरी, विजय अरोड़ा, दीपिका चिखलिया, मूलराज राजदा, रमेश भटकर और लिलिपुट जैसे स्टार्स शामिल थे. जी हम बात कर रहे हैं साल 1985 में प्रसारित टीवी शो 'विक्रम और बेताल' की, जिसमें टीवी के राम ने विक्रम का रोल प्ले किया था. इस शो की थ्रिलिंग और मजेदार कहानी ने हर किसी का दिल जीतने का काम किया था. इस शो की कहानी राजा विक्रमादित्य और बेताल के सवालों के इर्द-गिर्द घूमती है.
26 एपिसोड की शानदार कहानी
बच्चे-बूढ़े हर किसी को ये शो पसंद आया था. इस शो के कुल 26 एपिसोड आए थे. हर एपिसोड की कहानी कुछ न कुछ सिखाती थी. टीवी टीआरपी के मामले में इस शो ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. शो में बेताल राजा विक्रम की पीठ पर बैठकर अनोखे सवाल करता, जिसका जवाब राजा को देना पड़ता था. सही जवाब पाते ही बेताल राजा की विक्रम की पीठ से गायब हो जाता. आज आप इसे यूट्यूब पर फ्री में देख सकते हैं. आईएमडीबी पर शो को 10 में से 8.3 की शानदार रेटिंग मिली है.