'द कपिल शर्मा शो' से पॉपुलैरिटी पाने वाले कॉमेडियन और एक्टर राजीव ठाकुर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अपने परिवार के बेहद करीब रहने वाले राजीव के सर से पिता का साया उठ गया है, उनके पिता ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है. उनके निधन की खबर से पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर है, फैंस से लेकर सेलिब्रिटी तक दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्राथर्ना कर रहे हैं, और सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
किसने शेयर की यह दुखद खबर?
बता दें, इस दुखद खबर की जानकारी उनके करीबी दोस्त और को-स्टार कृष्णा अभिषेक ने शेयर की है. दरअसल, कृष्णा अभिषेक और राजीव ठाकुर को इंदौर में एक इवेंट में साथ परफॉर्म करना था, लेकिन राजीव के पिता श्रवण कुमार के निधन के बाद यह इवेंट टाल दिया गया. कृष्णा ने इवेंट के ऑर्गनाइजर के साथ एक वीडियो शेयर करते हुए इस दुखद खबर की जानकारी दी.
कृष्णा ने वीडियो में क्या बताया?
कृष्णा ने बताया कि वह इंदौर पहुंच चुके हैं, लेकिन राजीव ठाकुर उनके साथ इवेंट में शामिल नहीं हो पाएंगे. उन्होंने कहा कि राजीव के पिता का निधन हो गया है. यह उनके परिवार के साथ-साथ उनके दोस्तों और पूरी इंडस्ट्री के लिए बेहद दुखद खबर है. उन्होंने इवेंट में टिकट खरीद चुके लोगों से सहयोग करने की अपील की और बताया कि कार्यक्रम की नई तारीख का जल्द ऐलान किया जाएगा.
कैसा था राजीव का परिवार संग रिश्ता?
राजीव ठाकुर अपने माता-पिता के काफी करीब हैं. वह सोशल मीडिया पर अक्सर अपने परिवार के साथ बिताए खास पल शेयर करते रहे हैं, पिछले साल दिसंबर में उन्होंने अपने मम्मी-पाप की 70वीं शादी की सालगिरह भी खास अंदाज में सेलिब्रेट की थी. जिसकी तस्वीरें उन्होंने फैंस के साथ सोशल मीडिया पर शेयर की थीं, लेकिन अब उनके पिता के निधन की खबर से पूरा परिवार शोक में है. फिलहाल राजीव ठाकुर या उनके परिवार की ओर से पिता के निधन को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
कैसे शुरू हुआ था राजीव का करियर?
राजीव ठाकुर ने पंजाबी रियलिटी शो 'हसदे हसांदे रवो' से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद वह 'कॉमेडी सर्कस' में नजर आए थे और अपनी कॉमेडी से दर्शकों के बीच खास पहचान बना ली थी. वह 'द कपिल शर्मा शो' से भी जुड़े रहे हैं, जहां उनकी कॉमेडी को काफी पसंद किया गया.
सोशल मीडिया पर फैंस दे रहे श्रद्धांजलि
बहरहाल, टीवी के अलावा राजीव ठाकुर कई फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं. हालांकि, इस समय वह अपने पिता के निधन के कारण बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. सोशल मीडिया पर फैंस उनके परिवार के प्रति संवेदना जाहिर कर रहे हैं और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं.