Rise And Fall 2: ओटीटी (OTT) के चर्चित रिएलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' (Rise And Fall 2) के टावर का पारा तब हाई हो गया, जब आतिशबाजी टास्क के दौरान तेज प्रताप यादव और मनीष कश्यप आपस में भिड़ गए. प्राइज पॉट की रेस से शुरू हुआ यह मामला देखते ही देखते पावर, एटीट्यूड और वर्कर्स के हक की लड़ाई में बदल गया. बेसमेंट में जहां वर्कर्स पर पटाखे बनाने का तगड़ा प्रेशर था, वहीं पेंटहाउस में भी नए पंगे और बदलती दुश्मनी शो के माहौल को पूरी तरह से गरमा रही थी.
आतिशबाजी टास्क का हाई वोल्टेज ड्रामा
टास्क के रूल्स के मुताबिक, बेसमेंट के वर्कर्स को प्राइज मनी बढ़ाने के लिए पटाखे तैयार करने थे. शर्त यह थी कि अगर दो पटाखे रिजेक्ट होते, तो उन्हें अपने ग्रुप से एक कमजोर प्लेयर को बेघर करना पड़ता. पहले ही राउंड में शहजाद पूनावाला ने एक पटाखा रिजेक्ट किया, जिस पर प्रियंका चाहर चौधरी संग उनकी कड़क बहस हो गई.
तेज प्रताप संग मनीष की तगड़ी बहस
शहजाद द्वारा मनीष कश्यप का बनाया पटाखा खारिज किए जाने पर बवाल बढ़ गया. बहस में कूदते हुए तेज प्रताप यादव ने मनीष पर 'सिम्पैथी कार्ड' खेलने और गेम में 'पॉलिटिक्स' लाने का आरोप लगाया. वहीं मनीष का तर्क था कि वर्कर्स की मेहनत को नजरअंदाज कर रूलर्स उनके साथ नाइंसाफी कर रहे हैं.
निहारिका और अनिश भगत हुए बेघर
लगातार रिजेक्शन के झटके सहते हुए पहले अनिश भगत ने खुद को कुर्बान करने की पेशकश की. इसके बाद काजल राघवानी की कलर मिस्टेक की वजह से तीन और पटाखे रिजेक्ट हो गए, जिससे निहारिका तिवारी को भारी मन से शो छोड़ना पड़ा. बाहर होते ही निहारिका की गौतम गुलाटी के साथ भी तीखी नोकझोंक देखने को मिली.
36 में से सिर्फ 20 पटाखे पास
वर्कर टीम ने टोटल 36 आतिशबाजियां तैयार की थीं, जिनमें से सिर्फ 20 ही टेस्ट में पास हो सकीं. इस जीत के बाद रूलर्स के प्राइज पॉट में 10 लाख रुपये जुड़ गए, जिससे उनका कुल बैलेंस 38 लाख रुपये हो गया, जबकि बेसमेंट वर्कर्स के पास सिर्फ 3.25 लाख रुपये ही बचे. वर्कर्स के हाथ से पहला 'तख्ता पलट' मौका निकल गया.
दुश्मनी की नई नींव
टास्क खत्म होने के बाद रूलर्स ने खाना देने की पेशकश की, जिसे स्वाभिमानी वर्कर्स ने ठुकरा दिया. दूसरी तरफ पेंटहाउस में स्वरा भास्कर ने शहजाद पूनावाला के कड़े रुख की तारीफ की. वहीं शहजाद ने प्रियंका चौधरी को 'टेंपरामेंटल' और 'नार्सिसिस्टिक' करार देकर दुश्मनी की नई नींव रख दी.