Salman Khan Videos: बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान अक्सर अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं. पैपराजी से लेकर सोशल मीडिया ट्रोलिंग तक, एक्टर कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखते हैं. अब सलमान खान ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के गलत इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई है. 'बिग बॉस' के वीकेंड का वार में उन्होंने फर्जी AI वीडियो बनाने वालों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और सख्त कार्रवाई की बात कही.

क्यों चढ़ा 'भाईजान' का पारा

सलमान खान ने बताया कि आजकल AI की मदद से किसी भी इंसान की आवाज और चेहरा इस्तेमाल करके ऐसे फर्जी वीडियो बनाए जा रहे हैं, जो देखने में बिल्कुल असली लगते हैं. सबसे बड़ी परेशानी यह है कि कई बार लोगों को पता ही नहीं चलता कि वीडियो असली है या AI से बनाया गया है.

---विज्ञापन---

AI के गलत इस्तेमाल पर भड़के सलमान

एक्टर ने कहा कि उनकी आवाज का इस्तेमाल करके भी फर्जी वीडियो बनाए गए हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर किसी की AI वॉयस लेकर उसे किसी दूसरे व्यक्ति को गाली देते हुए दिखा दिया जाए, तो लोग उसे सच मान सकते हैं. सलमान के मुताबिक, इस तरह के कंटेंट से बेगुनाह लोगों की छवि खराब हो सकती है.

'जब तक एक-दो लोग जेल नहीं जाएंगे'

सलमान खान ने ऐसे फर्जी वीडियो बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पता है कि वे AI का इस्तेमाल करके फेक वीडियो बना रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. एक्टर ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसे लोगों को सलाखों के पीछे भेजा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब तक एक-दो लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक इस तरह का काम रुकने वाला नहीं है.

---विज्ञापन---

सोशल मीडिया पर सेंसरशिप की बात

सलमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाया. उन्होंने AI से बने फर्जी कंटेंट को रोकने के लिए सख्त नियमों और कानून की जरूरत बताई. एक्टर ने सोशल मीडिया पर सेंसरशिप की जरूरत की बात करते हुए कहा कि वह इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने वाले हैं.

सोशल मीडिया पर मिल रहे अलग-अलग रिएक्शन

बता दें, कि सलमान इससे पहले भी सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं. अब AI के बढ़ते इस्तेमाल और फर्जी वीडियो को लेकर उनका यह बयान चर्चा में है. सोशल मीडिया पर भी उनके इस रुख को लेकर अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं.

---विज्ञापन---