TV Actress Opens Up About 4 Year Break: टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस रश्मि देसाई एक बार फिर से सुर्खियों में छा गई हैं. 'बिग बॉस 13' में अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रही रश्मि देसाई सीरियल 'नागिन 6' के बाद टीवी से 4 साल तक के लिए गायब हो गई. अब सालों के ब्रेक के बाद रश्मि देसाई ने टीवी पर वापसी की है. वो अभी स्टार प्लस के सीरियल 'सयोनी' में माया का किरदार निभा रही हैं. हाल ही में रश्मि देसाई ने एक इंटरव्यू में 4 साल तक गायब रहने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उन्हें इस दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा. चलिए जानते हैं कि उन्होंने इस बारे में क्या कुछ बताया है.

चीजें भूलना चाहती थी…

'स्क्रीन' को दिए एक इंटरव्यू में रश्मि देसाई ने टीवी से अपने ब्रेक और इंडस्ट्री के भेदभाव पर खुलकर बात की है. टीवी से इतना लंबा ब्रेक लेने के बारे में बात करते हुए रश्मि देसाई ने कहा, 'मैंने बीच में तीन-चार साल तक काम करना बंद कर दिया था. हालांकि, मैंने एक गुजराती फिल्म की और जी5 पर एक फिल्म 'हिसाब बराबर' की. इस दौरान मैंने ज्यादा काम नहीं किया; मेरा मन ही नहीं था. मुझे टीवी के ऑफर तो मिले, लेकिन मैं उनसे जुड़ नहीं पाई, या शायद उस समय मैं तैयार नहीं थी. मैं आमतौर पर एक शो करने के बाद 3-4 साल के लिए गायब हो जाती हूं. मैं बहुत सी चीजें भूलना चाहती थी. मैंने कई वर्कशॉप कीं; मैं खुद पर काम कर रही थी.'

मेरा करियर खत्म…

रश्मि देसाई ने कहा कि एक एक्ट्रेस के तौर पर उन्हें अभी बहुत कुछ हासिल करना है और अपने टैलेंट पर उन्हें पूरा भरोसा है, लेकिन उन्हें लगता है कि उन्हें अभी तक सही प्लेटफॉर्म नहीं मिला. रश्मि देसाई ने कहा, 'जब कोई अपने काम को लेकर इतना जुनूनी होता है, तो आप उसे सिर्फ ग्लैमरस नजरिए से नहीं देख सकते. मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ, और तब मैंने काम न करने का फैसला किया. टीवी आपको कोई चीज नहीं बनाता, बल्कि एक प्लेटफॉर्म देता है. यह एक बहुत ही कम आंका जाने वाला प्लेटफॉर्म है. टीवी की पहुंच किसी भी दूसरे स्टेज से कहीं ज्यादा है, लेकिन इसे वर्जित माना जाता है. बहुत से लोगों ने मुझसे कहा कि मैं बहुत ज्यादा दिखाई देने वाली एक्ट्रेस हूं. मुझसे कहा गया कि मेरा करियर खत्म हो गया है.'

रश्मि देसाई की शादी और तलाक

बता दें कि रश्मि देसाई ने 12 फरवरी 2011 को अपने को-एक्टर नंदीश संधू के साथ शादी की थी. हालांकि, साल 2014 में वो दोनों अलग हो गए. फिर मार्च 2016 में दोनों का तलाक हो गया.