टीवी के सुपरहिट शो Kahiin To Hoga में सुजल गरेवाल बनकर लाखों दिलों पर राज करने वाले Rajeev Khandelwal इस वक्त बेहद भावुक वजह से चर्चा में हैं। इस बार वह किसी नए शो या फिल्म नहीं, बल्कि अपनी मां को खोने के दर्द को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। हाल ही में रियलिटी शो Tum Ho Na में पहुंचे राजीव ने अपनी मां के ओवेरियन कैंसर को लेकर खुलकर बात की, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। राजीव ने बताया कि उनकी मां को लंबे समय तक पीठ दर्द, पेट में सूजन और भूख कम लगने जैसी दिक्कतें हो रही थीं, लेकिन उस समय परिवार इन लक्षणों की गंभीरता को समझ नहीं पाया। एक्टर ने भारी दिल से कहा कि आज भी वह खुद को कहीं ना कहीं इसका जिम्मेदार मानते हैं। उन्होंने माना कि अगर उस वक्त इन संकेतों को गंभीरता से लिया जाता, तो शायद हालात कुछ और हो सकते थे। बातचीत के दौरान राजीव ने महिलाओं से खास अपील करते हुए कहा कि अगर पेट फूलना, गैस, लगातार पीठ दर्द या भूख कम लगने जैसी समस्याएं लंबे समय तक बनी रहें, तो उन्हें नजरअंदाज बिल्कुल न करें। समय पर जांच और सही इलाज कई जिंदगियां बचा सकता है।