Pankaj Bhadouria Breast Cancer: भारत की पहली मास्टरशेफ पंकज भदौरिया (Pankaj Bhadouria) ने हाल ही में ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से अपनी जंग और सफल सर्जरी के बारे में एक भावुक वीडियो साझा किया है. अस्पताल के बिस्तर से जारी इस वीडियो में पंकज ने न केवल अपनी सेहत का अपडेट दिया, बल्कि एक ऐसे जरूरी टेस्ट का जिक्र भी किया जिसने सही समय पर उनकी जान बचा ली. कैंसर की खबर से अपने प्रशंसकों को चिंता में डालने वाली पंकज अब तेजी से रिकवर कर रही हैं. आइए जानते हैं उनके इस खुलासे और महिलाओं के लिए दी गई उनकी खास सलाह के बारे में…
सर्जरी के बाद रिकवरी की राह पर
पंकज भदौरिया ने अस्पताल से वीडियो शेयर कर बताया कि ईश्वर की कृपा और प्रशंसकों की प्रार्थनाओं की वजह से उनकी सर्जरी बहुत अच्छे से हो गई है. वे अब धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं और उन्होंने सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए आभार व्यक्त किया है.
प्रिवेंटिव चेकअप ने बचाई जान
पंकज ने खुलासा किया कि उन्हें कोई गंभीर लक्षण नहीं थे, लेकिन एक रूटीन और प्रिवेंटिव हेल्थ चेकअप के दौरान उनके कैंसर का पता चला. शुरुआती स्टेज पर जानकारी मिलने की वजह से ही इलाज और सर्जरी सफल हो पाई.
महिलाओं के लिए जरूरी अपील
उन्होंने कहा कि अगर आप 40 साल की हैं, या आपके परिवार में कोई महिला (मां या बहन) इस उम्र से ऊपर है, तो उनका चेकअप जरूर करवाएं. उन्होंने 'सेल्फ एग्जामिनेशन' (खुद से जांच) पर भी जोर दिया और बताया कि इसके तरीके यूट्यूब पर आसानी से उपलब्ध हैं.
भारत में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा
पंकज ने डॉक्टरों के हवाले से एक चौंकाने वाला आंकड़ा साझा किया कि भारत में हर 20 में से 1 महिला को ब्रेस्ट कैंसर होने का खतरा रहता है. उन्होंने कहा कि समय पर जानकारी न मिल पाने के कारण कई महिलाएं गंभीर स्थिति में पहुंच जाती हैं.
"हमें लगता है हमारे साथ नहीं होगा"
मास्टरशेफ ने एक कड़वी सच्चाई बताते हुए कहा कि हम दूसरों के बारे में सुनते हैं लेकिन खुद को लेकर गंभीर नहीं होते. हमें लगता है कि हमें यह बीमारी नहीं होगी, लेकिन कैंसर किसी को भी हो सकता है. इसलिए जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है.