नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. इस प्राकृतिक आपदा से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और कई भारतीय भी इसकी चपेट में आए. इसी बीच एक्ट्रेस मानसी पारेख की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही थी. दरअसल, एक्ट्रेस इन दिनों कैलाश मानसरोवर यात्रा पर हैं और नेपाल से होकर अपनी यात्रा कर रही थीं. हालांकि, मानसी ने खुद सामने आकर बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं. अब उन्होंने माउंट कैलाश की अपनी यात्रा की खूबसूरत झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की हैं.

कहां रुकी हैं मानसी

मानसी पारेख ने बताया कि फिलहाल वह चीन के एक होटल में ठहरी हुई हैं. उन्होंने मानसरोवर के किनारे ध्यान करने के बाद कैलाश की ओर अपनी यात्रा शुरू की. एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक रील शेयर की है, जिसमें वह यात्रा के लिए तैयार होती नजर आ रही हैं. इसके बाद वह घोड़े पर सवार होकर कैलाश की ओर जाती दिखाई देती हैं.

---विज्ञापन---

वीडियो में मानसी के सादे खाने और साथी यात्रियों के साथ बिताए खुशनुमा पलों की झलक भी देखने को मिल रही है. उनकी पोस्ट से साफ है कि मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद वह इस आध्यात्मिक यात्रा को पूरी तरह महसूस कर रही हैं.

क्या है मानसी के पोस्ट का कैप्शन?

मानसी ने अपने पोस्ट के कैप्शन में इस यात्रा के महत्व के बारे में भी बताया. उन्होंने लिखा कि तिब्बती संस्कृति के अनुसार 'ईयर ऑफ द हॉर्स' में कैलाश की पैदल यात्रा करना 13 बार यात्रा करने के बराबर माना जाता है. उन्होंने इसे बेहद खास साल और खास यात्रा बताया, जो हमेशा उनके दिल में बसी रहेगी. 'ईयर ऑफ द हॉर्स' हर 12 साल में आता है.

---विज्ञापन---

मानसरोवर के किनारे 40 मिनट किया ध्यान

कुछ दिन पहले मानसी ने मानसरोवर के किनारे ध्यान करने का एक्सपीरियंस भी शेयर किया था. उन्होंने बताया था कि उन्होंने करीब 40 मिनट तक वहां ध्यान किया और हजारों साल पुराने उस नजारे को निहारा. मानसी ने कहा कि उस अनुभव को पूरी तरह महसूस करने के बाद शब्द भी कम पड़ जाते हैं.

बाढ़ में ऐसे बचीं मानसी

कुछ दिन पहले मानसी ने बताया था कि वह नेपाल में आई अचानक बाढ़ से महज 24 घंटे पहले उस जगह से निकल गई थीं, जहां बाद में भारी तबाही हुई. उनके मुताबिक वह और उनके साथी यात्री बस से नौदाना जा रहे थे और वहां से इमिग्रेशन बिल्डिंग जाना था, लेकिन अब वह बिल्डिंग ही मौजूद नहीं है. इस बीच मानसी ने बताया था कि वह सोचती हैं कि वहां वे भी हो सकती थीं. उन्होंने यह भी बताया कि ईशा फाउंडेशन के तीर्थयात्रियों के समूह से करीब 80 लोग लापता हैं.

---विज्ञापन---

वर्कफ्रंट पर मानसी

वर्कफ्रंट की बात करें तो मानसी पारेख जल्द ही नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज 'चुंबक' में नजर आने वाली हैं. यह सीरीज 10 सितंबर को रिलीज होने वाली है.