Kunickaa Sadanand Hits Back at Troller: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बिग बॉस 19 की कंटेस्टेंट कुनिका सदानंद एक बार फिर अपने तीखे जवाब की वजह से सुर्खियों में छा गई हैं. दरअसल, कुनिका ने कई बॉलीवुड और टीवी सितारों की तरह शिक्षा और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल प्रदर्शन का सपोर्ट करने के लिए फैंस से अपील की थी, जिसके लिए उन्होंने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. जिसके कमेंट में लोगों ने कुनिका को ही निशाना बनाते हुए उन्हें सस्ती बॉलीवुड एक्ट्रेस और घर तोड़ने वाली कहने लगे. इस पर कुनिका ने ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया है. चलिए आपको पूरा माजरा समझाते हैं.
देश को कौन बदलेगा?
कुनिका ने सोनम वांगचुक के सपोर्ट में शेयर की गई वीडियो पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'जब सरकार सुनना बंद कर देती है, तो सवाल पूछना और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है. ये सवाल सिर्फ सोनम वांगचुक के बारे में नहीं हैं – ये हमारे लोकतंत्र, सच्चाई और न्याय के लिए उठने वाली हर आवाज के बारे में हैं. अगर सच बोलने वाले चुप हो जाएं, तो देश को कौन बदलेगा?'
आगे बढ़ो… छूटा नहीं है…
उनकी इस पोस्ट पर कई फैंस ने उनके सपोर्ट में कमेंट किया. वहीं, कुछ यूजर्स ने तो उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया. एक यूजर ने लिखा, 'सस्ते फ्लॉप बॉलीवुड टाइप आ गए हैं मैदान में.' इसके जवाब कुनिका ने पलटवार करते हुए लिखा, 'चलो कोई नहीं, फ्लॉप एक्टर ही सही? आप बताओ आप क्या हो, बिना जमीर और ईमान के चलती फिरती लाश? काम से कम मेरी अंतरात्मा जिंदा है, आवाज बुलंद है?? आप कहां हो? सिर्फ ट्रोल करना काम है आपका, वो भी 2 रुपये के लिए.' वहीं, एक अन्य यूजर ने कुनिका के शादीशुदा कुमार सानू के साथ रिश्ते का मुद्दा उठाया और लिखा, 'घर तोड़ने वाली, जब तुम शादीशुदा मर्दों के साथ डेट करती थीं और उनके घर तोड़ती थीं, तब तुम्हारा विवेक कहां था?' इसका जवाब देते कुनिका ने लिखा, 'अरे भाई, देश में मुझसे और मेरी जिंदगी से बड़े मुद्दे चल रहे हैं, और तुम अब भी इसमें ही उलझे हुए हो. चलो चलो आगे बढ़ो… छूटा नहीं है भाई.'