टीवी की चहेती बहू यानी हिना खान ने अपने एक ऐसे एक्सपीरियंस को फैंस के साथ शेयर किया है, जिसने खूबसूरत यादों की जगह जिंदगी की सीख दी है, उन्होंने बताया कि कैसे उनकी पहली लद्दाख की ट्रिप उनके लिए तैयारी, धैर्य और जिंदगी को थोड़ा धीमा करके जीने का सबक दे गई. एक्ट्रेस ने इस ट्रिप को आसान नहीं बल्कि सहनशक्ति की परीक्षा करार दिया. खूबसूरत पहाड़ों और शानदार नजारों के बीच हिना को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा.इस दौरान उनकी नाक से रोज खून आता था और यह सिलसिला उनके घर लौटने तक जारी रहा.

एक्ट्रेस ने शेयर की पोस्ट

एक्ट्रेस ने लद्दाख ट्रिप की कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, इसी के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, कि ऊंचाई वाले इस इलाके ने उन्हें जिंदगी को एक अलग नजरिए से देखने का मौका दिया. एक्ट्रेस के मुताबिक, लद्दाख के पहाड़ इंसान को अपनी जिंदगी की रफ्तार धीमी करने पर मजबूर कर देते हैं. उन्होंने कहा कि वहां जाकर एहसास हुआ कि इन विशाल पहाड़ों के सामने हम कितने छोटे हैं.

---विज्ञापन---

लोगों को एक्ट्रेस की सलाह

हिना ने अपने अनुभव के साथ यात्रियों के लिए एक जरूरी किट भी शेयर की. उन्होंने बताया कि लद्दाख जैसे ऊंचाई वाले इलाके में जाने से पहले acclimatisation यानी वातावरण के हिसाब से शरीर को ढलने का समय देना बेहद जरूरी है. उन्होंने ऑक्सीजन बैकअप रखने की भी सलाह दी.

एक्ट्रेस ने शेयर की पूरी किट

एक्ट्रेस ने Diamox का भी जिक्र किया, जिसका इस्तेमाल ऊंचाई से जुड़ी बीमारी के लक्षणों के लिए किया जाता है. हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि इसकी डोज डॉक्टर की सलाह से ही लेनी चाहिए. हिना ने बताया कि उन्हें ऊंचाई वाली बीमारी नहीं हुई और ऑक्सीजन की जरूरत भी नहीं पड़ी, लेकिन वहां की ठंडी और बेहद सूखी हवा ने उनकी नाक को काफी परेशान किया. उनके मुताबिक, घर वापस आने तक नाक में खून के थक्के जमने की वजह से रोज ब्लीडिंग होती रही. इसलिए उन्होंने यात्रियों को सलाइन नेजल स्प्रे और नेजल मॉइस्चराइजर या जेल साथ रखने की सलाह दी.

---विज्ञापन---

लद्दाख ट्रिप से हिना को मिला सबक

इसके अलावा हिना ने पल्स ऑक्सीमीटर, डिजिटल थर्मामीटर, कैटेगरी-4 सनग्लासेस, नेक गेटर, पावर बैंक और जरूरत पड़ने पर पोर्टेबल नेबुलाइजर रखने की बात कही. लंबी रोड ट्रिप के लिए उन्होंने टिश्यू, हैंड सैनिटाइजर, टॉयलेट सीट सैनिटाइजर और सीट कवर जैसी चीजें भी जरूरी बताईं.बहरहाल, यह कहना गलत नहीं होगा कि हिना के लिए लद्दाख सिर्फ एक खूबसूरत ट्रिप नहीं रही, बल्कि तैयारी, धैर्य और जिंदगी को थोड़ा धीमा करके जीने का सबक भी बन गई.