'बिग बॉस 13' से चर्चा में आईं एक्ट्रेस हिमांशी खुराना एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनका कोई नया प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक खुलासा है. हिमांशी ने हाल ही में पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में अपने पुराने रिश्ते और धर्म को लेकर उस दौर की बातें शेयर कीं, जब उन पर मानसिक दबाव काफी बढ़ गया था. उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी बातें उनके और आसिम रियाज के पुराने रिश्ते से जोड़कर देखी जा रही हैं.
धर्म बदलने का बना दबाव
हिमांशी ने बताया कि एक समय ऐसा आया था, जब वह धर्म बदलने के लिए भी तैयार हो गई थीं. उनके मुताबिक, उनसे कहा गया था कि धर्म बदलने के बाद वह पूजा-पाठ और अपनी धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी चीजें नहीं कर सकतीं. इस बात का उन पर इतना असर पड़ा कि वह खुद से कई तरह के सवाल करने लगी थीं.
'पहले चार धाम के दर्शन करने हैं'
हिमांशी ने बताया कि एक रात हालात इतने भारी हो गए थे कि उन्हें लगने लगा था जैसे वह अपनी जिंदगी को अलविदा कहने वाली हैं. उन्होंने मन ही मन तय कर लिया था कि धर्म बदलने से पहले वह चार धाम और सभी प्रमुख मंदिरों के दर्शन करेंगी.
एक्ट्रेस के मन में आया सवाल
एक्ट्रेस ने कहा कि उनके मन में यह सवाल भी आया कि अगर वह दूसरे धर्म की प्रार्थना करेंगी तो उनके मन में अपने भगवान का नाम आने से उन्हें कौन रोक सकता है. उन्होंने बताया कि उनके अंदर से अपने विश्वास से जुड़े मंत्र और 'वाहेगुरु' का नाम अपने आप निकलता था.
'मुझे जलाया जाएगा या दफनाया जाएगा?'
हिमांशी ने कहा कि इसी दौरान उनके मन में एक ऐसा सवाल आया, जिसने उनकी सोच बदल दी. वह सोचने लगीं कि अगर उन्होंने धर्म बदल लिया तो उनकी मृत्यु के बाद उन्हें दफनाया जाएगा या जलाया जाएगा. उनके मुताबिक, यही वह पल था जब उन्हें एहसास हुआ कि अपनी धार्मिक पहचान को लेकर वह अंदर से कितना जुड़ी हुई हैं.
हिमांशी ने धर्म पर साफ की बात
हिमांशी ने साफ कहा कि किसी भी रिश्ते में धर्म बदलने के लिए दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए. हर व्यक्ति को अपनी आस्था और धार्मिक मान्यताओं के साथ जीने की आजादी होनी चाहिए.
आसिम रियाज से ऐसे शुरू हुई थी लव स्टोरी
हिमांशी और आसिम रियाज की मुलाकात 'बिग बॉस 13' में हुई थी. शो के दौरान दोनों करीब आए और बाहर आने के बाद उन्होंने अपने रिश्ते को ऑफिशियल कर दिया. दोनों ने साथ में म्यूजिक वीडियो भी किया. हालांकि, साल 2023 में दोनों का ब्रेकअप हो गया. उस वक्त धर्म और अलग-अलग धार्मिक मान्यताओं को भी रिश्ते में परेशानी की एक वजह बताया गया था. अब हिमांशी के इस नए खुलासे ने एक बार फिर उनके पुराने रिश्ते को चर्चा में ला दिया है.