Ishwar Thakur Health Update: पॉपुलर टीवी शो 'एफआईआर' और 'भाबीजी घर पर हैं' में काम करने वाले एक्टर ईश्वर ठाकुर की तबियत ठीक नहीं है. गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे ईश्वर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्टर की हालत काफी बिगड़ गई है. उनका ब्लड प्रेशर गिर गया है. कल से ही वो कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं. ऐसे में उन्हें लेकर उनका परिवार काफी परेशान है. एक्टर के इलाज को जारी रखने के लिए परिवार ने तत्काल आर्थिक मदद की गुहार लगाई है.

एक्टर ईश्वर ठाकुर की हालत गंभीर

बता दें 54 साल के हो चले ईश्वर कई सालों से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं. उनकी बहन जयश्री ने के मुताबिक सब कुछ 2020 में उनके पैर में लगी एक चोट से शुरू हुआ, जो कोविड-19 लॉकडाउन से लगभग तीन महीने पहले लगी थी. चूंकि ईश्वर को डायबिटीज है, इसलिए घाव ठीक से नहीं भरा और बाद में वहीं घाव गंभीर इंफेक्शन में बदल गया. पिछले कुछ वर्षों में उनकी सेहत लगातार बिगड़ती गई है. उनके कई अंगों पर इसका बुरा असर पड़ा है. उन्हें डायबिटीज है, किडनी से जुड़ी समस्याएं हैं और उनका लिवर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है.

---विज्ञापन---

नौवीं बार अस्पताल में भर्ती ईश्वर ठाकुर

अपने भाई की तबियत को लेकर इंडिया टुडे से बातचीत में जयश्री ने कहा कि भाई का इलाज जारी रखने की कोशिश में परिवार के सारे पैसे खत्म हो चुके हैं. जयश्री ने कहा, 'ईश्वर मेरे बड़े भाई हैं. उनकी स्वास्थ्य समस्याएं 2020 में कोविड लॉकडाउन से लगभग तीन महीने पहले शुरू हुईं, जब उनके पैर में चोट लग गई थी. डायबिटीज होने के कारण घाव ठीक नहीं हुआ और संक्रमण धीरे-धीरे फैल गया. तब से उनकी सेहत बिगड़ती ही गई है. ये नौवीं बार है जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.'

परिवार ने लगाई मदद की गुहार

आगे जयश्री ने कहा, 'हमने उनके इलाज पर अपनी सारी जमा-पूंजी खर्च कर दी है. हमें अपना घर तक बेचना पड़ा. मैं और मेरे पति ईश्वर की देखभाल कर रहे हैं लेकिन अब हम ऐसे मोड़ पर हैं, जहां हमें समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या करें. मैं पूरी तरह से बेबस महसूस कर रही हूं. मेरी मां भी दिल की मरीज हैं और पूरी तरह हम पर निर्भर हैं.'

---विज्ञापन---

कोविड-19 के दौरान सेलेब्स ने की थी मदद

ईश्वर की बहन जयश्री के अनुसार जब कोविड-19 के दौरान ईश्वर की बीमारी की खबर सामने आई थी, तो टेलीविजन और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लोग उनकी मदद के लिए आगे आए थे. उन्होंने कहा कि परिवार को एक बार फिर मदद की बहुत जरूरत है. ईश्वर की के चल रहे इलाज में काफी पैसे लग रहे हैं और परिवार अभी इन्हीं पैसों को जुटाने पर ध्यान दे रहा है. ईश्वर अविवाहित हैं, क्योंकि जयश्री के अनुसार वो अपने परिवार की देखभाल करना चाहते हैं.