मुंबई। टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस देबीना बनर्जी (Debina Banerjee) ने अपनी अदाकारी से लाखों दिलो को जीता है। वहीं अपनी बेटी के जन्म के बाद से वो लगातार सुर्खियों में भी बनी हुई हैं। मां बनने के बाद देबीना बनर्जी लगातार सोशल मीडिया पर अपनी बेटी की तस्वीरों को शेयर करती हुई दिखाई दी हैं। कुछ दिनों पहले देबीना बनर्जी ने अपनी बेटी की नर्सरी की तस्वीरें भी फैंस के साथ शेयर की थीं। इन सभी पुरानी तस्वीरों में देबीना बनर्जी अपनी बेटी के कमरे में बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आईं थीं। लेकिन इन सब के बीच अब देबिना बनर्जी ट्रोलिंग का शिकार होती नजर आ रही हैं। उनके एक पोस्ट को देखने के बाद अब लोग उन्हें सोशल मीडिया पर खूब खरी-खोटी सुना रहे हैं।
दरअसल कुछ घंटे पहले ही देबीना बनर्जी (Debina Bonnerjee) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें देबीना बनर्जी अपनी बेटी को हाथ में लेकर उसे लोरी सुना रही हैं। लेकिन लोरी सुनाते हुए देबिना ने अपनी बेटी को सिर्फ एक हाथ से ही पकड़ रखा है। ऐसे में फैंस को देबीना बनर्जी का ये अंदाज जरा भी पसंद नहीं आ रहा है। फैंस देबीना बनर्जी को कमेंट सेक्शन में समझा रहे हैं कि उनकी बेटी कोई खिलौना नहीं है। इसलिए इतनी लापरवाही से अपनी बेटी को पकड़ना देबिना बनर्जी के लिए बिल्कुल भी ठीक नही हैं।
देबीना बनर्जी का वीडियो देखने के बाद भड़के हुए एक यूजर ने लिखा कि, ‘आजकल के माता पिता काफी केयरलैस हो गए हैं। इनको पता ही नहीं है कि बच्चे कैसे संभाले जाते हैं। ये बच्चे को कपड़ने का सही तरीका नहीं है। अगर आपको बच्चे संभालना नहीं आता तो पहले ये काम सीख कर आओ। बच्चे की जिंदगी के साथ खिलवाड़ मत करो।’
तो वहीं एक दूसरे यूजर ने लिखा, ‘मैडम ये एक बच्चा है कोई खिलौना नहीं है। इसे सही से संभालना सीख लो।’ यहां तक समझाना तो फिर भी ठीक था, लेकिन एक यूजर ने तो गुस्से में आकर देबीना बनर्जी को अनफॉलो करने की धमकी ही दे डाली। लोग लगातार देबीना बनर्जी को सोशल मीडिया पर ताने मार रहे हैं। क्योंकि फैंस का मानना है कि देबीना बनर्जी को अपनी बेटी का ख्याल ध्यान से रखना चाहिए।