Dipika Kakar Health Update: टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) की सेहत को लेकर एक बड़ी और चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आ रही है. पिछले दो साल से लिवर कैंसर से जंग लड़ रहीं दीपिका का वजन महज डेढ़ महीने में 12 किलो तक कम हो गया है. इस बात पर चल रही तमाम अफवाहों और गलत जानकारियों पर रोक लगाते हुए उनके पति शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने अपने लेटेस्ट यूट्यूब व्लॉग में चुप्पी तोड़ी है और इसके पीछे की असली वजह का खुलासा किया है.
डेढ़ महीने में 12 किलो कम हुआ वजन
अपने हालिया यूट्यूब व्लॉग में शोएब इब्राहिम ने बताया कि दीपिका का वजन 12 किलो कम हो गया है. उन्होंने कहा कि हम दुआ करते हैं कि किसी को भी इस तरह से वजन घटने का सामना न करना पड़े. शुरुआत में डाइट से 5-6 किलो कम हुआ था, लेकिन हालिया भारी गिरावट इम्यूनोथेरेपी के कारण है.
इम्यूनोथेरेपी के खतरनाक साइड इफेक्ट्स
शोएब ने बताया कि इम्यूनोथेरेपी और कीमोथेरेपी के साइड इफेक्ट्स की वजह से मरीज बेहद कमजोर हो जाते हैं. इसमें कुछ खाया नहीं जाता, हर वक्त जी मिचलाता रहता है और दीपिका को हर दो दिन में उल्टी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है.
डाइट पर लगी हैं सख्त पाबंदियां
दीपिका की डाइट को लेकर बात करते हुए शोएब ने बताया कि उनकी सेहत को देखते हुए उन पर कई पाबंदियां लगाई गई हैं. उन्हें मीठा खाने की सख्त मनाही है, साथ ही कार्ब्स और गेहूं का सेवन भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है. कम खाने की वजह से भी शरीर का वजन काफी गिरा है.
गलत जानकारी फैलाने वालों को आखिरी चेतावनी
शोएब ने उन सभी यूट्यूब चैनलों और कंटेंट क्रिएटर्स को खरी-खोटी सुनाई जो दीपिका की डाइट और वजन को लेकर भ्रामक खबरें या पुरानी तस्वीरें शेयर कर रहे हैं. उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर आगे से ऐसी हरकत बंद नहीं हुई, तो वे उनके चैनलों के खिलाफ सख्त स्ट्राइक देंगे. दीपिका ने भी इसे दर्शकों को गुमराह करना बताया.
जून में शुरू हुई थी इम्यूनोथेरेपी की जर्नी
दीपिका ने इसी साल जून में अपनी इम्यूनोथेरेपी की शुरुआत की थी. इसके पहले साइकिल के बाद उन्हें वायरल बुखार और कमजोरी हुई थी, जबकि दूसरे साइकिल के बाद शरीर पर रैशेज और खुजली जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इन तमाम मुश्किलों के बावजूद दीपिका पूरी हिम्मत के साथ इस जंग का सामना कर रही हैं.