Dhinchak Pooja: अपने अनोखे गानों 'सेल्फी मैंने ले ली आज' और 'दिलों का शूटर' से रातों-रात इंटरनेट सनसनी बनने वाली पूजा जैन यानी ढिंचैक पूजा (Dhinchak Pooja) एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें शेयर कर सबको चौंका दिया था. शुरुआत में लोगों को लगा कि यह उनके किसी नए गाने का पब्लिसिटी स्टंट या प्रमोशनल ड्रामा है, जिसके चलते उन्हें काफी ट्रोल भी किया गया. लेकिन अब ढिंचैक पूजा ने इन तस्वीरों के पीछे का पूरा सच बताते हुए अपनी शादी और पति को लेकर पहली बार खुलकर बात की है.
'यह कोई प्रैंक नहीं, सच की शादी है'
इंटरव्यू में पूजा ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा, "मैंने सच में शादी कर ली है. इसमें कोई झूठ या दिखावा नहीं है. यह किसी नए म्यूजिक वीडियो का प्रमोशन नहीं है, मैंने असलियत में सात फेरे लिए हैं."
ऑनलाइन मुलाकात और लव कम अरेंज मैरिज
पूजा ने अपने रिश्ते के बारे में खुलासा करते हुए बताया कि उनकी और उनके पति यवान की मुलाकात ऑनलाइन हुई थी. कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, दोनों ने अपने माता-पिता की रजामंदी और आशीर्वाद से बहुत ही निजी (इंटीमेट) तरीके से शादी की. उन्होंने बताया कि उनकी शादी को थोड़ा वक्त गुजर चुका है.
आखिर क्यों छिपाया पति का चेहरा?
सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीरों में उनके पति का चेहरा न दिखने की वजह बताते हुए पूजा ने कहा, "हम शुरुआत में असमंजस में थे कि तस्वीरें पोस्ट करें या नहीं. मैं अपनी पर्सनल लाइफ को पर्सनल रखना चाहती हूं और अभी उनका चेहरा दिखाने में सहज (कंफर्टेबल) नहीं हूं. लेकिन चूंकि मैं फैंस के साथ सब शेयर करती हूं, इसलिए यह फैसला लिया."
सिंगर हैं पूजा के पति यवान
ढिंचैक पूजा ने पहली बार अपने पति की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक बेहतरीन इंसान होने के साथ-साथ एक प्रोफेशनल सिंगर भी हैं. पूजा ने बताया, "मुझे यवान के गाने बहुत पसंद हैं. हमने आज तक कभी साथ में काम नहीं किया है, लेकिन अब शादी के बाद हम जरूर एक साथ प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे."
नया गाना 'शादी मैंने कर ली आज'?
पूजा की शादी की तस्वीरें देखकर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट करते हुए उनके अगले गाने का नाम 'शादी मैंने कर ली आज' सुझाया था. इस मजेदार ट्रोलिंग पर हंसते हुए पूजा ने कहा, "मैं इस टाइटल पर गाना जरूर बनाउंगी. अगर मेरे फैंस ऐसा चाहते हैं, तो क्यों नहीं? जल्द ही इस पर काम कर सकती हूं."