'बिग बॉस मलयालम 7' फेम रेनू सुधी इन दिनों जिंदगी के बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं. कैंसर से जंग लड़ रहीं रेनू की पांचवीं कीमोथेरेपी के बाद तबीयत काफी बिगड़ गई है. उनकी हालत को देखते हुए उन्हें केरल के कोट्टायम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां के ICU में उनका इलाज चल रहा है. रेनू के साथ शो में नजर आईं कंटेंट क्रिएटर और एंकर सारिका केबी ने एक वीडियो शेयर कर उनकी सेहत से जुड़ी जानकारी दी है.

कैसे हो रही रिकवरी?

सारिका ने बताया कि रेनू का प्लेटलेट काउंट काफी कम हो गया है. कैंसर के इलाज के दौरान अब तक उनकी पांच कीमोथेरेपी हो चुकी हैं. हर कीमोथेरेपी के बाद उन्हें काफी तकलीफ होती है. कई बार तो वह पानी तक नहीं पी पाती हैं. हालांकि, चौथी कीमोथेरेपी के बाद करीब 10 दिन आराम करने पर रेनू खुद को संभाल की कोशिश करती नजर आईं.

---विज्ञापन---

पांचवीं कीमो के बाद नहीं उठ पा रहीं रेनू

वह दोबारा वीडियो बनाने लगीं थीं और दोस्तों के मैसेज का जवाब भी देती थीं, लेकिन पांचवीं कीमोथेरेपी के बाद 10 दिन बीत जाने के बावजूद उनकी हालत में पहले जैसा सुधार नहीं हुआ. सारिका के मुताबिक रेनू इस समय खुद से उठकर खड़ी भी नहीं हो पा रही हैं और ठीक से खाना भी नहीं खा पा रही हैं.

डॉक्टरों ने आगे के इलाज को लेकर जताई चिंता

सारिका के मुताबिक रेनू की बड़ी बहन ने उन्हें फोन कर अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी थी. डॉक्टरों का कहना है कि रेनू का शरीर इस समय काफी कमजोर है और वह एक और कीमोथेरेपी सहन करने की स्थिति में नहीं हैं. उनके शरीर में PICC लाइन भी डाली गई है, जिसके जरिए इलाज के दौरान जरूरी दवाएं और पोषण दिया जा रहा है. सारिका ने रेनू के फैंस से उनके लिए प्रार्थना करने की अपील की है. उन्होंने उम्मीद जताई कि रेनू जल्द इस मुश्किल दौर से बाहर निकलेंगी.

---विज्ञापन---

15 साल की उम्र में महसूस हुई थी गांठ

रेनू ने इसी साल सोशल मीडिया पर अपनी बीमारी का खुलासा किया था. उन्होंने बताया था कि महज 15 साल की उम्र में उन्हें छाती में एक गांठ महसूस हुई थी. बाद में जांच में कैंसर होने की बात सामने आई. पति और कॉमेडियन कोल्लम सुधी की जून 2023 में सड़क हादसे में मौत के बाद उन्होंने अपनी जांच कराई थी.

फैंस कर रहे दुआ, जल्द ठीक होने की उम्मीद

जांच के बाद पता चला कि कैंसर तीसरे स्टेज के आखिरी दौर तक पहुंच चुका है. इसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उनका कीमोथेरेपी से इलाज शुरू हुआ. रेनू ने अपनी कहानी बताते हुए महिलाओं से शरीर में किसी भी तरह की गांठ को नजरअंदाज न करने और तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने की अपील भी की थी. रेनू सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएटर हैं और 'बिग बॉस मलयालम 7' में भी नजर आ चुकी हैं. अब उनके फैंस उनकी सेहत में सुधार के लिए दुआ कर रहे हैं.

---विज्ञापन---