'बिग बॉस 20' के घर में शो शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन कंटेस्टेंट्स के बीच घमासान शुरू हो चुका है. कैप्टेंसी टास्क के दौरान आम्रपाली दुबे और काजी तौकीर के बीच ऐसा विवाद हुआ कि भोजपुरी क्वीन का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. आम्रपाली ने काजी को जमकर खरी-खोटी सुनाई और उन्हें हद में रहने तक की चेतावनी दे डाली.
6 सितंबर से शुरू हुए 'बिग बॉस 20' में शुरुआत से ही कंटेस्टेंट्स के बीच समीकरण बनते बिगड़ते नजर आ रहे हैं. अब कैप्टेंसी टास्क ने घर का माहौल और भी गर्म कर दिया है. टास्क के दौरान कंटेस्टेंट्स के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस देखने को मिली.
काजी पर फूटा आम्रपाली का गुस्सा
कैप्टेंसी टास्क की जिम्मेदारी माही विज के हाथों में थी. इसी दौरान टास्क में गड़बड़ी को लेकर मामला बिगड़ गया. स्काउट की ओर से मुद्दा उठाए जाने के बाद आम्रपाली दुबे काजी तौकीर पर भड़क गईं. उन्होंने काजी को डिस्क्वालिफाई करने की मांग तक कर डाली.
आम्रपाली का काजी पर आरोप
आम्रपाली ने आरोप लगाया कि काजी टास्क के दौरान लड़कियों को धक्का दे रहे हैं. वह गुस्से में कहती नजर आईं कि अगर किसी को डिस्क्वालिफाई करना है तो काजी को करो, क्योंकि लड़कियां उनके साथ टास्क कैसे करेंगी. इसी दौरान आम्रपाली का पारा इतना चढ़ गया कि उन्होंने काजी को हद में रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि आज वह उनकी जिंदगी हराम कर देंगी.
आसिफ खान से भी भिड़े काजी
टास्क के दौरान काजी तौकीर की बहस सिर्फ आम्रपाली से ही नहीं हुई. 'पंचायत' फेम अभिनेता आसिफ खान भी उनसे भिड़ते नजर आए. दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया. घरवालों ने तुरंत बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया और स्थिति को संभालने की कोशिश की.
16 कंटेस्टेंट्स के बीच ट्रॉफी की जंग
'बिग बॉस 20' में इस बार 16 कंटेस्टेंट्स ट्रॉफी के लिए मुकाबला कर रहे हैं. इनमें माही विज, आम्रपाली दुबे, कनिका मान, ईशा रिखी, खुशी दुबे, अरिश्फा खान, स्काउट, आसिफ खान, काजी तौकीर, मैरी कॉम समेत कई चर्चित नाम शामिल हैं. शो के शुरुआती दिनों में ही अगर इतना बवाल देखने को मिल रहा है, तो आने वाले एपिसोड्स में ड्रामा और भी जबरदस्त होने की उम्मीद है.