Smita Bansal: टीवी के आइकॉनिक शो 'बालिका वधू' में सुमित्रा सिंह का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुईं एक्ट्रेस स्मिता बंसल (Smita Bansal) ने शादी के 25 साल बाद एक बार फिर दुल्हन बनकर हर किसी को सरप्राइज दे दिया है. अपनी सिल्वर जुबली वेडिंग एनिवर्सरी के खास मौके पर स्मिता ने पति अंकुश मोहला (Ankush Mohla) के साथ गोवा के समंदर किनारे ड्रीम व्हाइट वेडिंग की है. दोनों बेटियों और परिवार की मौजूदगी में हुई इस ग्रैंड सेलिब्रेशन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं जिस पर उनके ऑनस्क्रीन पति अनूप सोनी ने भी प्यार लुटाया है.
गोवा के समंदर किनारे क्रिश्चियन रीति-रिवाजों से की व्हाइट वेडिंग
अपनी शादी की 25वीं सालगिरह को खास बनाने के लिए स्मिता बंसल और अंकुश मोहला ने गोवा के समंदर किनारे एक भव्य व्हाइट वेडिंग का आयोजन किया. इस मौके पर स्मिता खूबसूरत सफेद गाउन में किसी परी से कम नहीं लग रही थीं. फूलों की सजावट क्रीम रंग की कुर्सियां और सामने लहराते समंदर ने इस पूरे समारोह को किसी ड्रीम वेडिंग जैसा बना दिया.
दोनों बेटियां स्टाशा और अनाघा भी बनीं इस खास पल की गवाह
इस दोबारा शादी के समारोह में कपल के परिवार और बेहद करीबी लोगों ने शिरकत की. सबसे खास बात यह रही कि इस यादगार मौके पर स्मिता और अंकुश की दोनों बेटियां स्टाशा और अनाघा भी मौजूद रहीं. अपने माता-पिता को दोबारा शादी की कसमें खाते देखना दोनों बेटियों के लिए बेहद भावुक और खुशी भरा अनुभव रहा.
जश्न में डूबकर जमकर नाचीं स्मिता बंसल
स्मिता बंसल लगातार सोशल मीडिया पर अपनी इस दूसरी शादी की नई तस्वीरें साझा कर रही हैं. हाल ही में शेयर की गई फोटोज में स्मिता अपने पति और परिवार के सदस्यों के साथ खुलकर नाचती और जश्न मनाती नजर आ रही हैं. उनके चेहरे की चमक और मुस्कान साफ बयां कर रही है कि वह इस पल को पूरी तरह से एंजॉय कर रही हैं.
ऑनस्क्रीन पति अनूप सोनी ने तस्वीरों पर लुटाया प्यार
स्मिता की वेडिंग फोटोज सामने आते ही फैंस के साथ-साथ टीवी इंडस्ट्री के सितारे भी उन्हें बधाइयां दे रहे हैं. 'बालिका वधू' में उनके ऑनस्क्रीन पति भैरों का किरदार निभाने वाले अभिनेता अनूप सोनी ने भी इन तस्वीरों पर रिएक्ट किया है. अनूप सोनी ने पोस्ट पर हार्ट इमोजी कमेंट करते हुए कपल के प्रति अपना प्यार और शुभकामनाएं जाहिर की हैं.
सेलेब्स और फैंस दे रहे हैं कपल को ढेरों आशीर्वाद
अनूप सोनी के अलावा टेलीविजन जगत के कई अन्य कलाकारों और चाहने वालों ने भी स्मिता और अंकुश की इस नई शुरुआत पर कमेंट के जरिए आशीर्वाद दिया है. 25 साल बाद अपने प्यार को फिर से सेलिब्रेट करने का स्मिता बंसल का यह अंदाज सोशल मीडिया पर हर किसी का दिल जीत रहा है.