Arjun Bijlani Neha Swami T-shirt Controversy: टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) की पत्नी नेहा स्वामी (Neha Swami) की एक टी-शर्ट को लेकर इंटरनेट पर इन दिनों बवाल मचा हुआ है. हाल ही में एक बर्थडे पार्टी में नेहा ने जो टी-शर्ट पहनी थी, उस पर छपे अरबी शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का गंभीर आरोप लगा दिया. अब इस पूरे विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए अर्जुन और नेहा ने ऑफिशियल बयान जारी कर माफी मांग ली है और साथ ही ऑनलाइन मिल रही धमकियों पर कड़ा गुस्सा जाहिर किया है.
पार्टी में पहनी गई टी-शर्ट से शुरू हुआ विवाद
नेहा स्वामी हाल ही में एक्टर कुणाल वर्मा और पूजा बनर्जी के बेटे की बर्थडे पार्टी में शामिल हुईं थीं. इस दौरान उन्होंने मिकी माउस और अरबी शब्दों वाली एक टी-शर्ट पहनी थी, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया कि उस पर 'अल्लाह', 'रसूल' और 'मुहम्मद' जैसे धार्मिक नाम छपे हैं.
फैन ने गिफ्ट की थी टी-शर्ट, नहीं था मतलब पता
अपने बयान में कपल ने सफाई देते हुए बताया कि यह टी-शर्ट उन्हें बैंकॉक के एक मॉल में किसी फैन ने गिफ्ट की थी. उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उस पर क्या लिखा है और उसका क्या अर्थ है. उन्होंने कहा कि वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और कभी भी जानबूझकर किसी की भावनाओं को आहत नहीं करेंगे.
अनजाने में हुई गलती के लिए मांगी माफी
अनजाने में हुई इस घटना के लिए कपल ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी से मिले तोहफों और कपड़ों को लेकर वे बेहद सावधानी बरतेंगे.
ऑनलाइन ट्रोलिंग और धमकियों पर फूटा गुस्सा
नेहा को निशाना बनाकर की जा रही गंदी ट्रोलिंग, अभद्र टिप्पणियों और धमकियों पर कपल ने गहरी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि धार्मिक मुद्दों पर लोगों की भावनाएं आहत होना समझ आता है, लेकिन इसके नाम पर किसी को ऑनलाइन गालियां देना या धमकाना पूरी तरह अस्वीकार्य है.
नफरत फैलाने से बचने की अपील
कपल ने जनता से अपील की है कि इस मामले को संवेदनशीलता के साथ देखा जाए और उनके परिवार के खिलाफ नफरत व जहर न फैलाया जाए. उन्होंने कहा कि आपसी समझ और बातचीत ही किसी विवाद को सुलझाने का सबसे बेहतर तरीका है.