टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. 'पवित्र रिश्ता' से घर-घर में पहचान बनाने वाली अंकिता की जिंदगी में एक वक्त ऐसा भी आया था, जब उन्होंने एक्टिंग की दुनिया छोड़ने का मन बना लिया था. वह इंडस्ट्री से वापस घर लौटने वाली थीं, लेकिन तभी उनकी जिंदगी में एक ऐसा मौका आया, जिसने उनकी किस्मत बदल दी. हाल ही में अंकिता ने अपनी जिंदगी के इसी खास दौर और दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के साथ जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है.

इंडस्ट्री छोड़ने वाली थीं अंकिता

अंकिता लोखंडे ने नेहा धूपिया के पॉडकास्ट में अपनी जिंदगी के कई अनसुने किस्से सुनाए. इस दौरान उन्होंने बताया कि जब उनकी जिंदगी में काफी कुछ चल रहा था, तब उनके पिता उन्हें वापस घर ले जाने के लिए आ गए थे. अंकिता उस समय अपने करियर को लेकर परेशान थी. उन्हें लग रहा था कि इंडस्ट्री में उनके लिए कुछ खास नहीं हो रहा है. ऐसे में उन्होंने एक्टिंग छोड़ने का फैसला कर लिया था.

एक्ट्रेस ने बताया कि इसी मुश्किल दौर में उन्हें एकता कपूर के शो 'पवित्र रिश्ता' का ऑफर मिला, इस शो में उन्हें अर्चना का किरदार निभाने का मौका मिला. अंकिता के मुताबिक, यह उनके लिए बेहद खूबसूरत पल था. उन्होंने कहा कि वह उस फीलिंग को शब्दों में बयां नहीं कर सकतीं. इस एक कॉल ने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी.

सुशांत के साथ लालबागचा राजा पहुंची थीं अंकिता

अंकिता ने बातचीत के दौरान 'पवित्र रिश्ता' से मिली पॉपुलैरिटी का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि शो शुरू होने के कुछ ही समय बाद उन्हें लोगों का खूब प्यार मिलने लगा था. इसी दौरान का एक किस्सा याद करते हुए उन्होंने बताया कि वह दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत और एक अन्य शख्स के साथ मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन करने जा रही थीं.

तीनों टैक्सी से जा रहे थे, तभी वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने अंकिता और सुशांत को घेर लिया. यह उनके लिए काफी चौंकाने वाला अनुभव था. अचानक मिली इस पॉपुलैरिटी ने उन्हें एहसास कराया कि अब उनकी जिंदगी पहले जैसी नहीं रही.

'पवित्र रिश्ता' ने बदल दी पूरी जिंदगी

अंकिता के लिए 'पवित्र रिश्ता' सिर्फ एक टीवी शो नहीं, बल्कि उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. इसी सीरियल ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई. शो में सुशांत सिंह राजपूत ने मानव का किरदार निभाया था, जबकि अंकिता अर्चना के रूप में दर्शकों के दिलों में बस गई थीं. दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी को खूब पसंद किया गया था.