Akanksha Chamola Breaks Silence Bigg Boss 20 Entry Rumours: टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला इन दिनों अपने तलाक और बायसेक्सुअल वाली बात को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं. नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में जाने के बाद से ही आकांक्षा चमोला खबरों में छाई हुई हैं. हाल ही में आकांक्षा ने गौरव के साथ अपने तलाक के प्रोसेस को लेकर खुलकर बात की थी. इसी बीच सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने लगी कि आकांक्षा चमोला टीवी के हिट रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में हिस्सा ले रही हैं. अब इन सभी खबरों और अफवाहों पर खुद एक्ट्रेस ने चुप्पी तोड़ी है. इसके साथ ही एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि उन्हें टीवी का कौन-सा रियलिटी शो अच्छा लगता है. चलिए जानते हैं कि उन्होंने क्या कुछ कहा.

मैं 90 दिन टिक…

न्यूज18 को दिए एक इंटरव्यू में आकांक्षा चमोला ने उन सभी खबरों और अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि वह सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस' के 20वें सीजन में दिखाई देंगी. आकांक्षा ने कहा कि फिलहाल उन्हें किसी भी रियलिटी शो में हिस्सा लेने में कोई दिलचस्पी नहीं है, क्योंकि 'लॉक अप 2' के बाद वह खुद को ऊबा हुआ महसूस कर रही हैं. 'बिग बॉस 20' में जाने को लेकर आकांक्षा ने कहा, 'अभी तो नहीं आ रही हूं. मैं इस समय कैद की जिंदगी से इतनी ऊब चुकी हूं कि बिग बॉस करने की हिम्मत ही नहीं बची है. मैंने लॉकअप में 30 दिन में ही हार मान ली थी, क्या आपको लगता है कि मैं बिग बॉस के घर में 90 दिन टिक पाऊंगी? बिल्कुल नहीं.'

---विज्ञापन---

'खतरों के खिलाड़ी' मजेदार लगता…

इस दौरान आकांक्षा चमोला ने 'बिग बॉस' में जाने को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई. हालांकि, उन्होंने हिंट दिया कि वह 'खतरों के खिलाड़ी' में भाग लेने के लिए तैयार हैं. आकांक्षा ने आगे कहा, 'मुझे खतरों के खिलाड़ी मजेदार लगता है. वहां की दुनिया काफी चैलेंजिंग है, मैं इस बारे में सोच सकती हूं.'

इसके साथ ही आकांक्षा चमोला ने श्रेया कालरा को लेकर कहा कि शो में जो कुछ हुआ, उससे उन्हें दुख से ज्यादा निराशा हुई है. उन्होंने बताया कि श्रेया ने ही उन्हें दोस्ती का ऑफर दिया था.

---विज्ञापन---