'बिग बॉस 20' के घर में रिश्ते और दोस्तियां लगातार चर्चा में हैं. अब कंटेस्टेंट आसिफ खान और लव गिल की कुछ वायरल क्लिप्स ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है. इन वीडियो में लव, आसिफ के काफी करीब नजर आ रही हैं. कहीं वह उन्हें गले लगाती दिखीं तो कहीं आसिफ की गोद में बैठी नजर आईं. एक क्लिप में लव उन्हें रोकने की कोशिश करती भी दिखाई दीं. इन वीडियो के सामने आने के बाद दोनों की नजदीकियों को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे.
आसिफ की शादी को लेकर खड़े हुए सवाल
मामला तब और गरमा गया जब लोगों ने आसिफ की शादी को लेकर भी सवाल खड़े करने शुरू कर दिए. सोशल मीडिया पर चल रही इस चर्चा के बीच अब आसिफ की पत्नी जेबा खान ने अपने पति का बचाव किया है. उन्होंने आसिफ के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक लंबा नोट शेयर करते हुए लोगों से अपील की कि वे सिर्फ कुछ सेकंड की वायरल क्लिप देखकर किसी नतीजे पर न पहुंचें.
आसिफ के लिए जेबा ने कही ये बात
जेबा ने कहा कि अगर लोग बिग बॉस की 24x7 लाइव फीड देखें तो उन्हें आसिफ के नेचर और उनके रिश्ते के बारे में ज्यादा सही तस्वीर दिखेगी. उन्होंने साफ कहा कि आसिफ अक्सर शो में उनके, उनकी जिंदगी और उनके रिश्ते के बारे में बात करते हैं.
पति के सपोर्ट में आईं पत्नी
जेबा ने अपने बयान में यह भी कहा कि उनका और आसिफ का रिश्ता मजबूत है और दोनों के बीच अच्छी समझ है. उन्होंने लिखा कि उनके रिश्ते में ऐसा कुछ नहीं है जिसे किसी के सामने साबित या सही ठहराने की जरूरत हो. साथ ही उन्होंने दर्शकों से कहा कि घर के अंदर हर कंटेस्टेंट अपना गेम खेल रहा है और इसे किसी की शादी या कैरेक्टर को जज करने का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए.
आसिफ ने पहले भी बटोरी सुर्खियां
दरअसल, आसिफ इससे पहले भी 'बिग बॉस 20' में अपने व्यवहार को लेकर सुर्खियों में रहे हैं. उदिति सिंह के साथ उनकी बहस भी खूब चर्चा में आई थी. उदिति ने आसिफ पर जरूरत से ज्यादा फ्रेंडली होने और बातचीत के दौरान उन्हें छूने पर आपत्ति जताई थी. हालांकि, आसिफ ने उस दौरान अपना बचाव किया था.
सोशल मीडिया पर वायरलर क्लिप से परेशान पत्नी
बहरहाल, अब लव गिल के साथ वायरल हो रही क्लिप्स ने आसिफ को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. वहीं, पत्नी जेबा के बयान के बाद साफ है कि वह सोशल मीडिया पर सामने आ रहे छोटे-छोटे वीडियो के आधार पर अपने पति की शादी और उनके रिश्ते को लेकर बनाई जा रही सोच से सहमत नहीं हैं.