Gunmaster G9 Movie Review: इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना की फिल्म 'गनमास्टर G9' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. डायरेक्टर आदित्य दत्त की फिल्म में इमरान हाशमी बिल्कुल अलग अदाज में नजर आ रहे हैं, तो अपारशक्ति खुराना ने नेगेटिव किरदार में दमदार छाप छोड़ी है, दोनों ने अपने-अपने किरदार बखूबी तराशा है, तो वही जेनेलिया देशमुख की अदाकारी ने एक बार फिर सबका दिल जीत लिया है, फिल्म में वो सिर्फ रोमांस करती नहीं बल्कि अपने किरदार से लोगों को चौंका भी रही हैं. हिंदी सिनेमा में गैंगस्टर ड्रामा और एक्शन फिल्मों की अपनी फैन फॉलोइंग है, लेकिन जब इस जॉनर में रोमांस, पारिवारिक रिश्तों और भावनात्मक संघर्ष को भी शामिल कर दिया जाए तो मनोरंजन का दायरा और बड़ा हो जाता है. ऐसा ही कुछ 'गनमास्टर G9' में देखने को मिल रहा है. जहां बंदूकों की गूंज के बीच रिश्तों की अहमियत भी महसूस होती है. फिल्म में इमरान हाशमी का स्टाइलिश अंदाज, जेनेलिया देशमुख की शानदार अदाकारी, अपारशक्ति खुराना का खतरनाक रूप और हिमेश रेशमिया का म्यूजिक इसे एंटरटेनमेंट का जबरदस्त पैकेज बना रहा है.

अपराध की दुनिया में लौटता है ईश्वर

फिल्म की कहानी ईश्वर (इमरान हाशमी) की है, जो कभी अपराध की दुनिया में अपनी पहचान बना चुका था, लेकिन अब वह अपनी पुरानी जिंदगी छोड़कर पत्नी आरती (जेनेलिया देशमुख) के साथ सुकून से रहना चाहता है. परिवार की खुशियां उसके लिए सबसे जरूरी हैं. हालांकि, हालात उसे एक बार फिर अपराध की दुनिया में लौटने पर मजबूर कर देते हैं.

जुर्म की दुनिया में ईश्वर की वापसी

मजबूरी में उसे पुलिस का मुखबिर बनना पड़ता है, जिसके बाद ईश्वर की जिंदगी में खतरे बढ़ जाते हैं. ईश्वर के किरदार में इमरान हाशमी पूरी तरह जमे हैं. उनका स्टाइल, बॉडी लैंग्वेज और एक्शन सीन्स फिल्म को दमदार बनाते हैं. वहीं अपारशक्ति खुराना देसू के किरदार में अलग ही रंग दिखते हैं. कॉमेडी से इतर उनका नेगेटिव रूप दमदार नजर आया.

जेनेलिया के साथ शानदार केमिस्ट्री

आरती के किरदार में जेनेलिया देशमुख सहज और प्रभावी लगती हैं. इमरान के साथ उनकी केमिस्ट्री अच्छी जमती है. वह फिल्म में केवल इमरान की पत्नी के रूप में नजर नहीं आईं बल्कि उनका फिल्म में अहम रोल लोगों को चौंका रहा है. बात अगर फिल्म के म्यूजिक की करें, तो हिमेश रेशमिया के संगीत ने समां बांध दिया. एक बार फिर रोमांस और जुनून का तगड़ा कॉम्बो देखने को मिला.

फाइनल वर्डिक्ट

बहरहाल, आदित्य दत्त की 'गनमास्टर G9' में एक्शन के साथ रोमांस का हर हिस्सा बेहद मजबूत और दिल को छूने वाला लगा, जिसमें इमरान का स्टाइल, अपारशक्ति की खूखांर अदाकारी और जेनेलिया की मासूम अदाकारी आपका दिल जीतने को तैयार दिखी. तो अगर आप फैमिली के साथ एक्शन, रोमांस और इमोशन से भरी किसी कहानी को देखने का मूड बना रहे हैं, तो यह फिल्म आपकी पहली पसंद बनने को तैयार है.