साउथ सुपरस्टार यश की मच अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक' आखिरकार सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. फिल्म के सुबह 6 बजे से शो दर्शकों के लिए तैयार रहे. दरअसल फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है. एडवांस बुकिंग में भी दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स सामने आया है. इसी बीच फिल्म की रिलीज से पहले यश ने अपने चाहने वालों से एक खास अपील की है.
थिएटर में फोन निकालने से बचें फैंस
यश ने सोशल मीडिया के जरिए दर्शकों से गुजारिश की है कि वे थिएटर में फिल्म देखते समय इसके सीन रिकॉर्ड न करें. साथ ही फिल्म के अहम हिस्सों की क्लिप बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करने और कहानी से जुड़े स्पॉइलर देने से भी बचें. यश की यह अपील खास तौर पर इसलिए है, ताकि हर दर्शक फिल्म का पूरा मजा बड़े पर्दे पर बिना किसी स्पॉइलर के ले सके.
यश ने शेयर किया खास पोस्ट
यश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'टॉक्सिक' की टीम की ओर से एक खास पोस्ट शेयर किया है. इसमें फिल्म को लेकर टीम ने अपनी भावनाएं जाहिर की हैं. पोस्ट में बताया गया कि 'टॉक्सिक' को बनाने में कलाकारों और टेक्नीशियन समेत पूरी टीम ने कई साल तक मेहनत की है. फिल्म की दुनिया को फ्रेम-दर-फ्रेम और सीन-दर-सीन तैयार किया गया है.
टीम ने कहा कि उनकी कोशिश है कि दर्शकों को फिल्म का वही अनुभव मिले, जिसके लिए इसे बड़े पर्दे के लिए बनाया गया है. इसके लिए उन्होंने फैंस के प्यार और एडवांस बुकिंग में मिले शानदार रिस्पॉन्स के लिए उनका शुक्रिया भी अदा किया.
'अगले दर्शक का मजा खराब न करें'
पोस्ट में दर्शकों से साफ तौर पर कहा गया है कि थिएटर में फिल्म के सीन रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें. साथ ही कहानी के अहम हिस्से या स्पॉइलर शेयर करने से भी बचें. टीम की अपील है कि जिस तरह एक दर्शक फिल्म का आनंद ले, उसी तरह अगला दर्शक भी 'टॉक्सिक' की कहानी और इसकी दुनिया को पहली बार महसूस कर सके.
इन सितारों से सजी है फिल्म
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी 'टॉक्सिक' में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया जैसे कलाकार नजर आएंगे. फिल्म को लेकर पहले से ही काफी बज बना हुआ है. अब देखना होगा कि सिनेमाघरों में 'टॉक्सिक' दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है.