साउथ इंडस्ट्री का एक ऐसा स्टार जिसने एक से बढ़कर एक फिल्में दी, और इसी साल शादी के बंधन में बंधकर कई दिनों तक इंटरनेट पर तहलका मचाते रहे, वो सुपरस्टार विजय देवरकोंडा हैं, जिन्होंने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी को लेकर ऐसे खुलासे किए, जिन्हें सुनकर वहां मौजूद लोग मुस्कुराने लगे. विजय ने बताया कि उन्होंने अब शराब पीना छोड़ दिया है. इसके साथ ही उन्होंने अपने प्यार, दिल टूटने और शादी तक के सफर पर भी खुलकर बात की.

विजय की जिंदगी का सबसे रोमांचक दौर

दरअसल, विजय देवरकोंडा हाल ही में फिल्म 'रोमंचकम' के प्रमोशनल इवेंट में पहुंचे थे. यह फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय रेड्डी वांगा की अपकमिंग फिल्म है. इवेंट के दौरान होस्ट ने विजय से पूछा कि साल 2026 में उनकी जिंदगी का सबसे रोमांचक पल कौन सा रहा?

विजय ने पूरी जिंदगी बताई रोमांचक

इस सवाल पर विजय ने किसी एक घटना का नाम लेने के बजाय अपनी पूरी जिंदगी को ही रोमांचक बता दिया. उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उनका जन्म 1989 में हुआ और तब से अब तक उनकी जिंदगी में लगातार कुछ न कुछ रोमांचक होता रहा है.

'जेब में पैसे हों या न हों'

विजय ने मजाकिया अंदाज में अपनी जिंदगी के पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि जेब में पैसे हों या न हों, उन्होंने ब्लेंडर्स प्राइड और ग्लेनफिडिच जैसी शराब पी है. हालांकि, इसी दौरान उन्होंने एक बड़ा खुलासा भी किया एक्टर ने कहा कि अब उन्होंने शराब पीना छोड़ दिया है.

विजय ने छोड़ी शराब

विजय ने यह साफ नहीं किया कि आखिर उन्होंने शराब छोड़ने का फैसला क्यों किया. उन्होंने इस बारे में कोई खास वजह भी नहीं बताई, लेकिन उनकी इस बात ने इवेंट में मौजूद लोगों का ध्यान जरूर खींच लिया.

प्यार, दिल टूटना और फिर शादी

शराब छोड़ने के खुलासे के बाद विजय ने अपनी निजी जिंदगी पर भी बेहद दिलचस्प अंदाज में बात की. उन्होंने कहा, 'मुझे प्यार हुआ… मेरा दिल टूटा और फिर मेरी शादी हो गई.' विजय की इस बात ने पूरे इवेंट का माहौल हल्का-फुल्का कर दिया.

क्यों अपनी हंसी रोक नहीं पाए संदीप रेड्डी वांगा

अभिनेता ने आगे कहा कि चाहे जिंदगी में कुछ भी हुआ हो, उनका सफर हमेशा रोमांचक रहा है. विजय की बात सुनकर संदीप रेड्डी वांगा भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और बाद में तालियां बजाते नजर आए.

इस साल रश्मिका से की शादी

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रिश्ते को लेकर सुर्खियों में रहे हैं. दोनों ने काफी समय तक अपनी निजी जिंदगी को मीडिया की नजरों से दूर रखा. इस साल फरवरी में दोनों ने शादी कर अपने रिश्ते को नया मुकाम दिया. अब विजय का यह बयान एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी को चर्चा में ले आया है.