Toxic Trailer: साउथ सुपरस्टार यश की मच अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है. करीब 4 मिनट 38 सेकंड लंबे इस ट्रेलर में यश का ऐसा खूंखार अवतार देखने को मिला है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है. ट्रेलर रिलीज होने के महज 15 घंटे में इसे यूट्यूब पर 14 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और यह तेजी से ट्रेंड कर रहा है.

फैंस की बढ़ी एक्साइटमेंट

फिल्म में यश एक गैंगस्टर के किरदार में नजर आ रहे हैं. ट्रेलर की शुरुआत एक भावुक और डरावने सीन से होती है, जहां एक घायल बच्चा यश के किरदार राया से माफी मांगता दिखाई देता है. इसके बाद कहानी अचानक हिंसा, गोलियों और खून-खराबे की दुनिया में पहुंच जाती है. ट्रेलर में यश का डबल रोल भी देखने को मिलता है. एक तरफ वह दाढ़ी वाले खतरनाक गैंगस्टर राया के रूप में नजर आते हैं, तो दूसरी तरफ छोटे बाल और टैटू वाले उनके बेटे रूमी के किरदार में दिखाई देते हैं, जो अपने पिता के खिलाफ खड़ा होता है.

यश के लुक ने मचाई सनसनी

'टॉक्सिक' के ट्रेलर में यश के कई अलग-अलग लुक देखने को मिल रहे हैं, लेकिन उनका न्यूड लुक सबसे ज्यादा चर्चा में है. सोशल मीडिया पर फैंस इस लुक को लेकर लगातार अपने रिएक्शन दे रहे हैं. किसी को यश का अंदाज बेहद खतरनाक लग रहा है तो कोई इसे फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज बता रहा है.

दमदार हैं एक्ट्रेसेस के किरदार

वहीं फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम किरदारों में नजर आएंगी. कियारा के सर्कस वाली नादिया के किरदार की भी ट्रेलर में झलक देखने को मिली है.

'रामायण' से पहले रावण को टक्कर देते यश!

यश जल्द ही नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में रावण के किरदार में भी नजर आने वाले हैं. ऐसे में 'टॉक्सिक' में उनका खूंखार अवतार देखकर फैंस उनकी तुलना रावण से करने लगे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'टॉक्सिक का ट्रेलर सच में टॉक्सिक है.' वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, 'टॉक्सिक में यश को देखने के बाद रावण ज्यादा सिविलाइज्ड लग रहा है.' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'यश को देखने के बाद तो रावण अच्छा इंसान लगने लगा.'

26 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म

गीथू मोहनदास के निर्देशन में बनी 'टॉक्सिक' को इंग्लिश और कन्नड़ में शूट किया गया है. फिल्म के हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम डब्ड वर्जन भी रिलीज किए जाएंगे. यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी स्टारर यह फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. ट्रेलर के बाद अब फैंस को फिल्म का बेसब्री से इंतजार है.