साउथ सिनेमा की पॉपुलर और खूबसूरत जोड़ियों में शामिल इस कपल ने शादी के 20 साल पूरे होने पर कुछ ऐसा किया, जिसने फैंस का दिल जीत लिया है. दोनों ने अपनी 20वीं वेडिंग एनिवर्सरी को खास अंदाज में सेलिब्रेट करते हुए एक बार फिर शादी की रस्में निभाईं. इस दौरान कपल का रोमांटिक अंदाज देखने को मिला, वहीं पत्नी को दुल्हन के लिबास में देखकर एक्टर इमोशनल भी नजर आए.

20 साल बाद फिर थामा एक-दूसरे का हाथ

दरअसल, साउथ स्टार सूर्या और एक्ट्रेस ज्योतिका ने अपनी शादी की 20वीं सालगिरह को यादगार बनाने के लिए एक प्राइवेट क्रिश्चियन स्टाइल सेरेमनी का आयोजन किया. ज्योतिका ने इस खास सेरेमनी का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उन्होंने इस वीडियो को 'THE SEQUEL' नाम दिया है.

पोस्ट पर ज्योतिका ने लिखा खास नोट

ज्योतिका ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह किसी 'परफेक्ट मैरिज' का जश्न नहीं है, बल्कि एक-दूसरे की कमियों को स्वीकार करने, समझ, त्याग और निस्वार्थ प्यार का जश्न है. उन्होंने सूर्या को अपना सबसे अच्छा दोस्त और हमसफर भी बताया.

मां को दुल्हन बनाकर लाए बेटे देव

इस खास सेरेमनी में सूर्या और ज्योतिका के बच्चे देव और दीया भी शामिल हुए. सूर्या के भाई कार्ती और परिवार के कुछ करीबी लोग भी इस खास मौके का हिस्सा बने. वीडियो में एक बेहद प्यारा पल देखने को मिला, जब बेटा देव अपनी मां ज्योतिका का हाथ पकड़कर उन्हें इस नई शुरुआत के लिए लेकर जाता नजर आया. वहीं बेटी दीया ने 'मेड ऑफ ऑनर' की जिम्मेदारी निभाई.

दुल्हन बनीं ज्योतिका, इमोशनल हुए सूर्या

20वीं एनिवर्सरी पर ज्योतिका ने व्हाइट ब्राइडल गाउन पहना, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं. वहीं सूर्या भी व्हाइट टक्सीडो में काफी हैंडसम नजर आए. हालांकि, इस पूरे सेलिब्रेशन में सबसे ज्यादा ध्यान उस पल ने खींचा, जब सूर्या अपनी पत्नी को दुल्हन के लिबास में देखकर भावुक नजर आए. दोनों के इस खूबसूरत पल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जा रहे हैं.

कैसे शुरु हुई थी दोनों की प्रेम कहानी

सूर्या और ज्योतिका की जोड़ी पहली बार 1999 में फिल्म 'पुवेल्लम केट्टुप्पार' में साथ नजर आई थी. इसके बाद दोनों ने 'काखा काखा' और 'सिलुनु ओरु काधल' जैसी फिल्मों में भी साथ काम किया. फिल्मों के दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और फिर सितंबर 2006 में दोनों ने शादी कर ली. अब शादी के 20 साल पूरे होने पर कपल ने दोबारा एक-दूसरे का हाथ थामकर अपने रिश्ते में एक नई याद जोड़ दी है. सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के सितारे उन्हें एनिवर्सरी की बधाई दे रहे हैं.