मलयालम के मशहूर गायक निसार वायनाड का 44 साल की उम्र में दुबई में निधन हो गया. उदित नारायण जैसी आवाज के लिए पहचाने जाने वाले निसार के अचानक चले जाने से उनके चाहने वालों और मलयाली म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है. उनके अचानक इस दुनिया को छड़कर जाने से उनके परिवार, दोस्त और फैंस गहरे सदमे में हैं.
म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर
मलयालम म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर निसार वायनाड का दुबई में अचानक निधन हो गया. उनका असली नाम निसार आरोथ इब्राहिम था और वह 44 साल के थे. निसार अपनी सुरीली आवाज और लाइव परफॉर्मेंस के लिए खास पहचाने जाते थे. उनकी आवाज बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर उदित नारायण की तरह थी, और यही वजह है जो वो देश ही नहीं विदेश में भी पहचाने जाते थे. खासतौर पर यूएई में वह काफी पॉपुलर थे.
शो से पहले बिगड़ी तबीयत
निसार की मौत उस वक्त हुई, जब उन्हें दुबई के अजमान में एक म्यूजिक शो में परफॉर्म करना था. कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. उनके करीबी दोस्त नौजस कायक्कूल के मुताबिक, निसार पिछले कुछ दिनों से बुखार से परेशान थे. वह इसे सामान्य बुखार समझकर पैरासिटामोल ले रहे थे.
दोस्त ने शेयर की दुखद खबर
अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, निसार की मौत इंफेक्शन के बाद बढ़ी कॉप्लीकेशन और ऑर्गन फेल्योर से जुड़ी बताई गई है. उन्हें डायबिटीज भी थी.
उदित नारायण के गाने थे उनकी खास पहचान
निसार वायनाड को खासतौर पर मप्पिलापट्टू गायन के लिए जाना जाता था. हालांकि, उनकी गायकी का दायरा काफी बड़ा था. वह मलयालम के साथ हिंदी के पॉपुलर गाने भी गाते थे. खासकर उदित नारायण के गानों की उनकी प्रस्तुतियां दर्शकों को खूब पसंद आती थीं.
परिवार और फैंस के लिए बड़ा सदमा
निसार अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं. बता दें, निसार अगस्त में ही यूएई पहुंचे थे और कई बड़े इवेंट्स में परफॉरमेंस दे चुके थे. आने वाले दिनों में दुबई और सऊदी अरब में उनके कई शो थे. इसके अलावा वह कुछ फिल्मी प्रोजेक्ट्स के लिए भी प्लेबैक सिंगिंग की तैयारी कर रहे थे.